विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दुनिया देश भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने से नहीं रोक सकता : उपराष्ट्रपति

By Vikas OjhaEdited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 28 Nov 2026 03:14 PM (IST)

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने काशी तमिल संगमम में कहा कि भारत की विविधता उसकी सबसे बड़ी ताकत है और 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने सांस्कृतिक एकता, भाषाओं के सम्मान और प्रधानमंत्री मोदी द्वारा तमिल साहित्य के वैश्विक प्रचार पर जोर दिया।

उपराष्ट्रपति ने काशी तमिल संगमम में कहा, भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत।

उपराष्ट्रपति ने काशी तमिल संगमम में कहा, भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी ताकत।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, वाराणसी। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि भारत की विविध भाषाएं और संस्कृतियां हमारी कमजोरी नहीं, बल्कि एकता की सबसे बड़ी ताकत हैं। महाकवि सुब्रमण्य भारती ने कहा था कि देश में 18 भाषाएं हैं, लेकिन सोच एक है। यही भारत की पहचान है। हिमालय से कन्याकुमारी तक, गंगा से कावेरी और गुजरात से अरुणाचल प्रदेश तक हमारी यात्रा और लक्ष्य एक ही है। काशी तमिल संगमम इसी राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने वाला आंदोलन बन चुका है।

उपराष्ट्रपति शनिवार को नमो घाट पर संगमम के पांचवें संस्करण के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के लोगों के हृदय में काशी के लिए विशेष स्थान है। बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बिना उनकी आध्यात्मिक यात्रा पूरी नहीं होती। काशी में नट्टुकोट्टई चेट्टियार समाज के लोग कई सौ वर्षों से रहकर बनारसी वस्त्रों के उत्पादन और व्यापार में योगदान देते रहे हैं।

महाकवि सुब्रमण्य भारती ने भी अपने जीवन का बड़ा हिस्सा काशी में बिताया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने भारत को एक नहीं बनाया था, देश की सांस्कृतिक और धार्मिक एकता पहले से मौजूद थी। इसी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने काशी तमिल संगमम की शुरुआत की।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से तमिल भाषा और साहित्य को नई पहचान मिली है। दूसरे संस्करण में तिरुक्कुरल का 16 भाषाओं में अनुवाद प्रकाशित हुआ, जबकि अब 10 विदेशी भाषाओं सहित कुल 50 भाषाओं में इसकी पुस्तकें उपलब्ध हैं। तिरुवल्लुवर के विचार केवल तमिल समाज के लिए नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए उपयोगी हैं।

उन्होंने कहा कि भारत को आर्थिक महाशक्ति बनने के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत और मानवीय मूल्यों को भी दुनिया के सामने रखना होगा। उन्होंने उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और विकास की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेशनई पहचान बनाई है।

सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि भारत जिस गति से विकास कर रहा है, उसे वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती। आर्थिक विकास के साथ भारत को अपनी सांस्कृतिक विरासत और मानवीय मूल्यों को भी दुनिया के सामने रखना होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था में करीब नौ प्रतिशत योगदान देने वाला राज्य बन चुका है। उन्हें पूरा विश्वास है कि उत्तर प्रदेश एक ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य हासिल करेगा। भारत को दुनिया की सबसे बड़ी आर्थिक और सामरिक शक्तियों में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ना है। इसके साथ ही भारत को अपनी प्राचीन सभ्यता, संस्कृति और परंपराओं के माध्यम से दुनिया को मानवीय मूल्यों का संदेश भी देना होगा।

पांच संस्करणों में संगमम का विस्तार
पहला संस्करण : काशी और तमिलनाडु के ऐतिहासिक संबंधों को सामने लाया गया।
दूसरा संस्करण : शिक्षा, साहित्य, कला, विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आदान-प्रदान बढ़ाया गया।
तीसरा संस्करण : अगस्त्य मुनि की परंपरा और भारत के प्राचीन विज्ञान को केंद्र में रखा गया।
चौथा संस्करण : 'तमिल सीखें' पहल के माध्यम से काशी में तमिल भाषा सीखने का अवसर मिला।
पांचवां संस्करण : तिरुक्कुरल और संत तिरुवल्लुवर के विचारों को विशेष महत्व दिया गया।

गंगा का पानी कावेरी तक पहुंचाने की योजना
उपराष्ट्रपति ने नदियों को जोड़ने की परिकल्पना का उल्लेख करते हुए कहा कि गंगा का पानी कावेरी तक पहुंचाने का लक्ष्य भी देश की एकता और समृद्धि से जुड़ा है। इसकी दिशा में गोदावरी का पानी कावेरी तक पहुंचाने की योजना जल्द पूरी करने की बात कही। उन्होंने इसे देश की नदियों को जोड़ने की बड़ी पहल का हिस्सा बताया।

मातृभाषा का सम्मान करें, दूसरी भाषा का अपमान नहीं
उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी मातृभाषा, मां और धर्म के प्रति स्वाभाविक लगाव होता है। लेकिन अपनी भाषा से प्रेम करने का अर्थ दूसरी भाषा का अपमान करना नहीं है। सभी भाषाओं का सम्मान करना चाहिए। अलग-अलग भाषाएं होने के बावजूद भारत एक है, क्योंकि सभी भाषाएं मानवीय मूल्यों और एकता का संदेश देती हैं।

पुतिन को भेंट की तिरुक्कुरल की रूसी अनुवादित पुस्तक

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तमिल साहित्य और उसकी ज्ञान परंपरा को दुनिया तक पहुंचा रहे हैं। 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से एक दिन पहले नई दिल्ली के भारत मंडपम में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने उन्हें तिरुक्कुरल की रूसी अनुवादित पुस्तक भेंट की थी।

संत तिरुवल्लुवर की इस प्राचीन रचना में 1330 दोहे हैं, जिनमें सदाचार, सुशासन, नैतिकता, धन और मानवीय संबंधों की सीख दी गई है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि तिरुवल्लुवर की ज्ञान परंपरा किसी एक भाषा या क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी मानवता के लिए उपयोगी है। इसे दुनिया की विभिन्न भाषाओं तक पहुंचाना भारतीय संस्कृति और तमिल साहित्य को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।