चोलापुर में एसडीएम के आदेश के खिलाफ छठ पूजा स्थल पर महिलाओं का क्रमिक अनशन
चोलापुर के उदयपुर गांव में महिलाएं पारंपरिक छठ पूजा स्थल पर पूजा करने से रोकने के प्रशासनिक आदेश के खिलाफ ...और पढ़ें

चोलापुर में छठ पूजा स्थल पर प्रशासनिक रोक के खिलाफ महिलाओं का अनशन।
HighLights
चोलापुर में महिलाएं पारंपरिक छठ पूजा स्थल पर अनशन पर बैठीं।
प्रशासन ने सरकारी भूमि पर अस्थायी तालाब बनाने से रोका है।
महिलाएं 20 साल पुरानी धार्मिक परंपरा जारी रखने की मांग कर रही हैं।
जागरण संवाददाता (चोलापुर) वाराणसी। थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव में छठ पूजा के पारंपरिक स्थल पर पूजा करने से रोकने के प्रशासनिक निर्देश के खिलाफ बुधवार को महिलाओं का आक्रोश खुलकर सामने आया। अपनी धार्मिक आस्था और करीब 20 वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार छठ पूजा करने की मांग को लेकर दर्जनों महिलाएं उसी पूजा स्थल पर क्रमिक अनशन पर बैठ गईं, जहां प्रतिवर्ष अस्थायी तालाब बनाकर पूजा-अर्चना करती रही हैं।
महिलाओं के अनशन को देखते हुए मौके पर चोलापुर पुलिस तैनात है और सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। दरअसल मंगलवार को उपजिलाधिकारी सदर के निर्देश पर नायब तहसीलदार सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। अधिकारियों ने महिलाओं को शिव मंदिर के पास पीपल के पेड़ के नीचे सरकारी भूमि पर गड्ढा खोदकर अस्थायी तालाब बनाने और वहां छठ पूजा करने से मना किया था।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि एसडीएम सदर के पत्र के अनुसार आराजी संख्या 140 सरकारी भूमि के रूप में दर्ज है, वहां बिना सक्षम अनुमति के भूमि पर गड्ढा खोदने पर रोक लगाते हुए महिलाओं को सार्वजनिक तालाब पर छठ पूजा करने का निर्देश दिया गया था। वहीं ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि उक्त स्थल पर वर्षों से सामूहिक रूप से छठ पूजा होती आ रही है।
प्रतिवर्ष जेसीबी से करीब दो फीट गहरा गड्ढा खोदकर अस्थायी तालाब का रुप बनाया जाता है और पूजा संपन्न होने के बाद उसे पुनः पाट दिया जाता है। महिलाओं का कहना है कि यह केवल पूजा का स्थान नहीं, बल्कि उनकी धार्मिक आस्था और वर्षों पुरानी परंपरा से जुड़ा हुआ है। प्रशासन के निर्देश से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। बुधवार को महिलाएं उसी स्थान पर शांतिपूर्ण तरीके से क्रमिक अनशन पर बैठ गईं।
उन्होंने प्रशासन से उपजिलाधिकारी के आदेश पर पुनर्विचार करने और परंपरागत स्थल पर छठ पूजा करने की अनुमति देने की मांग की। महिलाओं ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक है। मांगों पर न्यायोचित निर्णय होने तक क्रमिक अनशन जारी रखने की बात कही। मौके पर पुलिस बल की मौजूदगी में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।