वाराणसी में ट्रैक्टर से गिरकर पहिए के नीचे आई महिला, कुचलकर दर्दनाक मौत
वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र में मोहांव चौराहे पर ट्रैक्टर से गिरकर 40 वर्षीय महिला कौशल्या की पहिए के नीचे आने से दर्दनाक मौत हो गई। वह सोनभद्र की निवासी थी और सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी करती थी, तभी अचानक झटका लगने से यह हादसा हुआ।

वाराणसी में ट्रैक्टर हादसे में महिला की दर्दनाक मौत, पहिए से कुचलकर गई जान।
HighLights
महिला कौशल्या की ट्रैक्टर से गिरकर पहिए से कुचलकर मौत हुई।
हादसा वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के मोहांव चौराहे पर हुआ।
मृतक सोनभद्र की निवासी थी, सड़क निर्माण में मजदूरी करती थी।
जागरण संवाददाता (चोलापुर) वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के मोहांव चौराहे पर बुधवार रात करीब 9:30 बजे ट्रैक्टर से गिरकर पहिए के नीचे आने से 40 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान कौशल्या पत्नी कमलेश, निवासी सोनभद्र के रूप में हुई है।
वह चौबेपुर थाना क्षेत्र के छीतमपुर गांव निवासी एक ठेकेदार के यहां रहकर सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी करती थी। जानकारी के अनुसार बुधवार रात कौशल्या ट्रैक्टर पर सवार होकर नेवादा से मोहांव चौराहे होते हुए छीतमपुर (चौबेपुर) की तरफ जा रही थी।
ट्रैक्टर पर चालक के अलावा एक-दो अन्य मजदूर भी बैठे थे। इसी दौरान मोहांव चौराहे के पास अचानक झटका लगने से कौशल्या ट्रैक्टर से नीचे गिर गई और उसी के पहिए की चपेट में आ गई। पहिए से कुचलकर उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
आशंका जताई जा रही है कि ट्रैक्टर में ब्रेक लगने अथवा किसी अन्य कारण से अचानक झटका लगने के चलते यह हादसा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही चोलापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।