वाराणसी में महिलाओं से 26 लाख रुपये ठगकर फरार हुई महिला, बंद खाते का चेक देकर किया गुमराह
वाराणसी में बंद हो चुके खाते का चेक देकर एक महिला ने कई महिलाओं से लगभग 26 लाख रुपये की ठगी की है। इस मामले की जानकारी होने के बाद एसीपी सुभाष दुबे ने प्रकरण में मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है।
वाराणसी, जागरण संवाददाता। ठगी का कारोबार इतना लंबा है कि किसी पर भरोसा करना खतरे से खाली नहीं है। कुछ ऐसा ही मामला वाराणसी जिले में सामने आया जहां पर महिला ने अपनी सहेलियों से ही मोटा मुनाफा कमाने के चक्कर में बंद हो चुके बैंक खाते का चेक देकर 26 लाख रुपये ठग लिए और फरार हो गई। अब पूछने पर महिला का पति गाली गलौज कर रहा है। इस मामले में एडीसीपी सुभाष चंद्र दुबे ने मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया है।
महिलाओं का 26 लाख रुपये ठगकर बजरडीहा में रहने वाली महिला फरार हो गई है। रोती-बिलखती महिलाएं शनिवार को अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय व अपराध) सुभाष चंद्र दुबे के कार्यालय पहुंचीं। अपनी आपबीती बताते हुए मदद की गुहार लगाई। किसके साथ कितने रुपयों की ठगी हुई इसके बारे में जानकारी दी। एडिशनल सीपी ने एसीपी भेलूपुर प्रवीण कुमार को मुकदमा दर्ज करके महिला ठग के खिलाफ कार्यवाही करने का निर्देश दिया।
बजरडीहा और आसपास के इलाकों में रहने वाली महिलाओं ने बताया कि बजरडीहा के लक्ष्मणपुर में रहने वाली सोनी नाम की महिला ने एक समूह बनाया था। इसमें आसपास की कई महिलाओं को जोड़ रखी थीं। उनके नाम से माइक्रो फाइनेंस कंपनियों से छोटे-छोटे लोन लिया था। उसने महिलाओं को भरोसा दिलाया था कि उन रुपयों को जमीन व अन्य जगहों पर लगाकर काफी मुनाफा कमाएगी। इस मुनाफे में से सबको फायदा देगी।
उसके झांसे में आकर कई महिलाओं ने रुपये उसे दे दिए। किसी ने पति के रिटायमेंट के रुपये तो किसी ने गहने बेंचकर जमा रुपये उसे दे दिए। नौ महिलाओं से 26 लाख रुपये बटोरकर ठग भाग निकली। उषा ने बताया कि सोनी ने उससे 9.4 लाख रुपये लिए हैं। बदले में ऐसे बैंक एकाउंट का चेक दिया था जो बंद था। बाद में उसने एक जमीन का कागज भी दिया। वह भी महज डेढ़-दो लाख की होगी। बजरडीहा में उसका मकान है लेकिन वहां से गायब है। महिलाएं उसके घर जाती हैं तो उसका पति गाली-गलौज करता है।