सोनिया गांधी की किताब में काशी विश्वनाथ मंदिर का जिक्र क्यों आया? जानिए पूरी कहानी...
सोनिया गांधी की पुस्तक 'बिलॉन्गिंग' में वाराणसी और काशी विश्वनाथ मंदिर के विस्तार का प्रसंग चर्चा में है। कांग्रेस ने ...और पढ़ें

सोनिया गांधी की किताब में काशी विश्वनाथ मंदिर का जिक्र: कांग्रेस का विरासत और विकास पर रुख।
HighLights
सोनिया गांधी की किताब में काशी विश्वनाथ मंदिर विस्तार का उल्लेख।
कांग्रेस ने विरासत और विकास में संतुलन पर दिया जोर।
स्थानीय काशीवासियों के लिए सुगम दर्शन की वकालत की।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की पुस्तक 'बिलॉन्गिंंग' में वाराणसी और काशी विश्वनाथ मंदिर के विस्तारीकरण से जुड़ा प्रसंग भी किताब जारी हेने के साथ ही चर्चा में बना हुआ है। कांग्रेस वाराणसी की ओर से इसे अत्यंत महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक संदर्भों को सामने लाने वाला बताया गया है।
महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि सोनिया गांधी के पुस्तक में उल्लेखित संजय गांधी की काशी विश्वनाथ मंदिर के विस्तार की सोच और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का काशी की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत एवं मूल स्वरूप को सुरक्षित रखने का दृष्टिकोण इस बात को दर्शाता है कि कांग्रेस के लिए विकास का अर्थ कभी भी किसी की आस्था, आजीविका और ऐतिहासिक विरासत को नुकसान पहुंचाना नहीं रहा।

कहा कि कांग्रेस मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए सुगम दर्शन, बेहतर सुविधाओं और व्यवस्थित व्यवस्था की हमेशा पक्षधर रही है, लेकिन इसके नाम पर काशी की प्राचीन पहचान, सैकड़ों वर्षों की धार्मिक विरासत और स्थानीय लोगों की रोजी-रोटी को उजाड़ने का समर्थन कभी नहीं कर सकती। विकास ऐसा होना चाहिए, जिसमें स्थानीय दुकानदारों, व्यापारियों और पुश्तैनी रूप से वहां रह रहे परिवारों के हितों का भी ध्यान रखा जाए, न कि उन्हें विस्थापन और आर्थिक संकट की ओर धकेल दिया जाए।
आरोप लगाया कि आज जिस प्रकार विश्वनाथ कॉरिडोर के निर्माण के नाम पर काशी के अनेक प्राचीन मंदिरों को ध्वस्त किया गया, पुराने भवनों और दुकानों को हटाया गया तथा काशी के पारंपरिक स्वरूप में व्यापक बदलाव किए गए, उस पर कांग्रेस ने लगातार सवाल उठाए और प्रभावित लोगों की आवाज बनकर संघर्ष किया।
बताया कि काशी केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि हजारों वर्षों की सभ्यता, संस्कृति, सनातन परंपरा और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। इसकी पहचान केवल भव्य निर्माणों से नहीं, बल्कि इसकी गलियों, मंदिरों, देवालयों, स्थानीय व्यापार और जीवंत परंपराओं से है।
कांग्रेस की ओर से स्पष्ट किया कि काशीवासियों के लिए बाबा विश्वनाथ के सुगम दर्शन की मांग को लेकर वाराणसी के कांग्रेसजनों ने लगातार संघर्ष किया। कांग्रेस की मांग और प्रयासों का एक महत्वपूर्ण परिणाम यह रहा कि आज स्थानीय काशीवासी गेट नंबर चार से अपना आधार कार्ड दिखाकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर पा रहे हैं। इस व्यवस्था के लिए भी कांग्रेसजनों ने निरंतर आवाज उठाई थी।
सोनिया गांधी की पुस्तक में सामने आया यह ऐतिहासिक प्रसंग इस बहस को और महत्वपूर्ण बनाता है कि विकास और विरासत के बीच संतुलन होना कितना आवश्यक है। कांग्रेस का स्पष्ट मानना है कि बाबा विश्वनाथ का धाम श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक अवश्य बने, लेकिन इसके नाम पर काशी की आत्मा, प्राचीन मंदिरों, स्थानीय व्यापारियों और सनातन परंपराओं को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।