विश्वनाथ मंदिर गली आखिर संजय गांधी ने क्यों तोड़ने का प्लान किया? काशी के पुरनियों ने बताई वजह
सोनिया गांधी की पुस्तक 'बिलांगिंग' में संजय गांधी द्वारा काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर को चौड़ा करने के दावे पर विवाद ...और पढ़ें

सोनिया गांधी के दावे पर काशी विश्वनाथ मंदिर कॉरिडोर विवाद: संजय गांधी की योजना का सच।
HighLights
सोनिया गांधी की पुस्तक में संजय गांधी के दावे पर विवाद।
काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर चौड़ा करने की योजना का जिक्र।
जानकारों ने बताया इंदिरा गांधी ने जनविरोध से रुकवाया था।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। सोनिया गांधी की सद्य:प्रकाशित पुस्तक ‘बिलांगिंग : अ जर्नी आफ लव’ में किए गए तमाम दावों पर उठ रहे विवादों के बीच काशी का श्रीविश्वनाथ मंदिर प्रकरण भी शामिल हो गया है। पुस्तक में सोनिया गांधी द्वारा किया गया यह दावा कि इमरजेंसी काल में संजय गांधी श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर परिसर को चौड़ा और गलियों को सुंदर बनाने की योजना पर काम कर रहे थे।
हालांकि इंदिरा गांधी इस योजना को जानकर स्तब्ध रह गईं और उन्होंने खूबसूरती से तराशे गए मंदिरों और इमारतों की विरासत को संरक्षित रखने के लिए उन्होंने तत्काल हस्तक्षेप कर काम रोकवा दिया।
सोनिया गांधी अपनी पुस्तक में आगे यह आरोप लगाती हैंं कि इंदिरा गांधी के इस हस्तक्षेप को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने एक झटके में निष्फल कर दिया। सोनिया गांधी के इस दावे का काशी के जानकार पुरनियों और तत्कालीन राजनीति, समाज व धर्मक्षेत्र में सक्रिय लोगों ने पुरजोर खंडन किया है।
उनका कहना है कि श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर की गली को तोड़ने की योजना कारीडोर बनाने के लिए नहीं, बल्कि तत्कालीन राज्यपाल विश्वनाथ की कार मंदिर तक जाने के लिए बनाई गई थी और इंदिरा गांधी ने इस तोड़फोड़ को किसी भक्ति भाव वश नहीं बल्कि अमंगल और काशीवासियों के विरोध के भयवश रोकवाया था।
सक्रिय छात्रनेता से कांग्रेस प्रत्याशी को हराकर वाराणसी के तत्कालीन विधायक बने शतरुद्र प्रकाश बताते हैं कि श्रीविश्वनाथ मंदिर को कारीडोर बनाने के लिए कभी भी लिखित या समुचित योजना संजय गांधी या केंद्र अथवा राज्य सरकार द्वारा नहीं लाई गई थी। संजय गांधी उन दिनों इंदिरा सरकार पर भारी थे।
दिल्ली, आगरा, वाराणसी जैसे शहरों के सुंदरीकरण की उनकी योजना जरूर थी, इसके तहत सिगरा, रथयात्रा आदि क्षेत्रों में कुछ मकान तोड़़े जाने लगे थे, कुछ पर लाल निशान लगा दिया गया था। उसी समय तुर्कमान गेट दिल्ली में यह कार्रवाई भारी विरोध के कारण संजय गांधी पर भारी पड़ी थी।
इसी बीच तत्कालीन राज्यपाल बाबा विश्वनाथ का दर्शन करने के लिए कार से मंदिर तक जाना चाहते थे। इस पर कमिश्नर ने कारमाइकल लाइब्रेरी तक तोड़ते हुए गली चौड़ीकरण की योजना बनाई। इसका तत्कालीन रेलमंत्री पं. कमलापति त्रिपाठी, राजनारायण समेत हम सबने और काशी के लोगोंं ने विरोध किया।
बात इंदिरा गांधी तक पहुंची तो उन्होंने अपनी सहेली पुपुल जयकर को भेजकर इस काम को रोकवाया। कमिश्नर ने पुपुल को बताया कि संजय गांधी शहर को सुंदर देखना चाहते हैं। पुपुल ने इंदिरा गांधी की जीवनी में इस बात को लिखा है कि कैसे इंदिरा गांधी, संजय के निर्णयों से असहज महसूस कररही थीं। उन्होंने अमंगल व विरोध के भय से पूरे बनारस में चल रही तोड़फोड़ को रोकवा दिया।
हो सकता है घर के भीतर हुई हो ऐसी बात : प्रो. नागेंद्र
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट के निवर्तमान अध्यक्ष प्रो. नागेंद्र पांडेय ने बताया कि इंदिरा गांधी के शासन काल में विश्वनाथ मंदिर को कारिडोर बनाने की किसी योजना की जानकारी सार्वजनिक रूप से तो आज तक नहीं प्रकाश में आई है। यदि सोनिया गांधी ने लिखा है तो हो सकता है, उनके घर में कुछ आपसी चर्चा हुई हो।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।