UP Politics : जो भी दोषी होगा वह जेल जाएगा, वाराणसी में बोले यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य
UP Politics यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जो अपराध करेगा और दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। उसे जेल भी जाना पड़ सकता है। उत्तर प्रदेश में कानून का राज है और सभी के साथ समान व्यवहार किया जा रहा है।
वाराणसी, जागरण संवाददाता। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव आने वाले 25 वर्षों की भारत की मजबुत नींव डालने वाला होगा। भाजपा पदाधिकारी 2024 में प्रदेश की 80 लोकसभा सीट में से 80 जीतने का लक्ष्य लेकर अपने-अपने क्षेत्रों में जाएं। प्रदेश में डबल इंजन की सरकार जो उपलब्धियां हैं उन्हें जनता के बीच चर्चा करें।
केशव प्रसाद मौर्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कैंटोमेंट स्थित होटल अमाया में आयोजित तीन दिवसीय प्रदेश प्रशिक्षण वर्ग के अंतिम दिन मंगलवार को समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी ने देश के गौरव को बढ़ाने का कार्य किया है।
पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने समाज में भाजपा की अहम भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया। इसके पूर्व भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने कहा कि भाजपा सदैव राष्टहित, राष्ट्र सुरक्षा और भारत माता की जय के लिए कार्य करती है। अंत मे प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप ने प्रशिक्षण वर्ग में सहयोग के लिए पूरे प्रदेश से आए पदाधिकारियों और आगंतुको का आभार प्रकट किया।
इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष व परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, पिछड़े मोर्चे के राष्ट्रीय महामंत्री व सांसद संगमलाल गुप्ता समेत सौरभ जायसवाल, धर्मेंद्र सिंह, नवरतन राठी, संजय भाई पटेल, परविंदर जांगड़ा, अशोक चौरसिया, विजेंद्र कश्यप, नानक चंद्र गुर्जी, ज्योति सोनी, विमलेश वर्मा, रमाशंकर साहू, नीरज गुप्ता, विजय गुप्ता, प्रवीण कुशवाहा, ओमप्रकाश गुप्ता, शिवमंगल साहू आदि प्रदेश और काशी क्षेत्र के पदाधिकारी मौजूद रहे।
जो भी अपराध करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी : केशव प्रसाद मौर्य
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जो अपराध करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। उत्तर प्रदेश में कानून का राज है और सभी के साथ समान व्यवहार किया जा रहा है। चाहे वह कोई भी हो।
उन्होंने मंगलवार को ये बातें मीडिया से तब कही जब उनसे प्रदेश के एमएसएमई मंत्री राकेश सचान के खिलाफ कोर्ट द्वारा कार्रवाई के विषय में पूछा गया। केशव प्रसाद मौर्य भाजपा पिछड़ा वर्ग के प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करने कैंटोंमेंट स्थिति होटल अमाया पहुंचे थे। प्रियंका गांधी द्वारा श्रीकांत त्यागी के साथ उनकी फोटो शेयर करने पर उन्होंने कहा कि कोई किसी के साथ फोटो खिंचवा ले तो वह दोषी नहीं हो जाएगा। राहुल गांधी के करो या मरो के बयान पर उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री वह कभी नहीं बन पाएंगे चाहे जो भी भाषा बाले। इस देश का भरोसा नरेन्द्र मोदी में है। केशव मौर्य अपने दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को यहां पहुंचे। वह बुधवार को आराजीलाइन विकासखंड के चौखंडी ग्राम में बन रहे अमृत सरोवर को देखने जाएंगे।