बालू कौन खाता है? बचपन से ही लग गई लत तो तलाश लिया रेत में ही जायका
वाराणसी की 75 वर्षीय कुसुमावती देवी पिछले 60 सालों से रोजाना डेढ़ से दो किलो सफेद बालू खा रही हैं। ...और पढ़ें
HighLights
75 वर्षीय कुसुमावती देवी की अनोखी बालू खाने की आदत।
पिछले 60 वर्षों से रोजाना डेढ़-दो किलो बालू का सेवन।
चिकित्सकीय रूप से 'पाइका' पर कोई स्वास्थ्य समस्या नहीं।
सोनू सिंंह,जागरण, वाराणसी। 'रेत की मछली' ने रेत में भले ही जीना नहीं सीखा हो लेकिन गंगा किनारे की कुसुमावती को रेत में जो जायका मिला वह साठ साल से कायम है। दैनिक जागरण की टीम ने उनसे रेत के जायके पर सवाल किया तो हंस पड़ीं और जो जायका उन्होंने बताया वह आपके ट्राई करने लायक तो कतई नहीं है क्योंकि चिकित्सक इसे नुकसानदायक बताते हैं।
वैसे तो आमतौर पर लोग खाने-पीने की चीजों में दूध, फल और पौष्टिक आहार पसंद करते हैं, लेकिन चोलापुर क्षेत्र के कटारी गांव की 75 वर्षीय कुसुमावती देवी की आदत जानकर आप हैरान रह जाएंगे। वह रोजाना डेढ़ से दो किलो तक सफेद बालू खा जाती हैं। हैरानी की बात यह है कि बचपन से लगी यह आदत आज तक बरकरार है। गंगा और सरयू की सफेद बालू का जायका उनके जुबान पर साठ साल पहले 15 बरस की उम्र में चढ़ा था जो आज भी उतना ही है।
कुसुमावती देवी चाय पीने के साथ, भोजन करते समय और जब भी मन करता है, सफेद बालू का सेवन करती हैं। इसके लिए वह पहले बालू को अच्छी तरह धोती हैं। फिर उसे धूप में सुखाकर मिट्टी के बर्तन (गगरी) में सुरक्षित रखती हैं। जब इच्छा होती है, उसमें से बालू निकालकर खाने लगती हैं। जिस प्रकार भोजन तैयार होता है उसी प्रकार कुसुमावती का बालू का भोजन तैयार होता है। इस जायके को लेते हुए साठ बरस के करीब उम्र पूरी हो चुकी है।
उनके पुत्र चंद्रशेखर सिंह, पड़ोसी विक्की सिंह और शीतला मिश्रा बताते हैं कि परिवार के लोगों ने कई बार उन्हें बालू खाने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी आदत छोड़ने को तैयार नहीं होतीं। बालू लाकर नहीं देने पर वह स्वजन से नाराज भी हो जाती हैं। उनका कहना है कि अब तक उन्हें बालू खाने से कोई परेशानी सामने नहीं आई है। न ही उन्होंने बुखार या पेट संबंधी समस्या की शिकायत की है। इसी वजह से परिवार के लोग भी उन पर ज्यादा सख्ती नहीं करते।
हालांकि, बालू खाना सामान्य आदत नहीं है। चिकित्सकीय दृष्टि से मिट्टी या बालू खाने की इस प्रवृत्ति को पाइका (Pica) कहा जाता है। लंबे समय तक इसका सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। मगर साठ बरस से कुसुमावती को पाइका का जायका कुछ ऐसा चढ़ा है कि वह बीमारी तक से दूर हैं और उनके स्वास्थ्य को देखते हुए यह कतई नहीं कहा जा सकता है कि उनको कोई इससे दिक्कत भी है। वरिष्ठ सर्जन डॉक्टर मेंहिलाल पटेल इसके साइड इफेक्ट भी बताते हैं लेकिन कुदरत मानो कुसुमावती के साथ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।