सोनभद्र में कीचड़ का छींटा पड़ा तो कुल्हाड़ी से काटकर मार डाला, गंभीर रूप से चार घायल जिला अस्पताल में भर्ती
सोनभद्र में बरसात का पानी कीचड़ बन गया तो बाइक गुजरते ही छींटे उछलना स्वाभाविक है। मगर जिले में एक व्यक्ति पर छींटें पड़ने के बाद शुरू विवाद की वजह से कुल्हाड़ी निकल आई और एक व्यक्ति की मौत हो गई।
सोनभद्र, जागरण संवाददाता। जिले के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सेहुआ क्षेत्र में आपसी विवाद के दौरान कुल्हाड़ी निकल आई और काटकर एक व्यक्ति को मार डाला गया वहीं चार अन्य को गंभीर हाल में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में छह लोगों पर एफआइआर दर्ज कराई गई है। दरअसल बाइक से शरीर पर कीचड़ का छींटा पड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद कातिलाना बन गया। वहीं जानकारी होने के बाद एएसपी, सीओ ने मौके का निरीक्षण किया और सुरक्षा कारणों से गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सेहुआ गांव में शुक्रवार की रात मामूली विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। एक पक्ष ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इससे गंभीर रूप से घायल राजकुमार की जिला अस्पताल में मौत हो गई। वह 42 साल का था। सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, क्षेत्राधिकारी राजकुमार त्रिपाठी, कोतवाल दिनेश प्रकाश पांडेय ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया। मृतक के पक्ष के चार घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश पांडेय ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब साढ़े 10 बजे प्रथम पक्ष के राजकुमार, कांती, किरन, शिवकुमार व संतकुमार का विवाद द्वितीय पक्ष के बच्चा, मनोज व सनोज, मुन्नी, अम्बिका, रमाशंकर से हो गया। वजह की दूसरे पक्ष के घर के दामाद अमित कुमार निवासी पिपरी नम्बर दो थाना शाहगंज की बाईक राजकुमार के घर के सामने सड़क पर गाय बंधी होने के कारण स्लीप हो गई।
इसको लेकर उत्पन्न हुए विवाद में सभी ने कुल्हाड़ी, राड व लाठी-डण्डा लेकर प्रथम पक्ष के राजकुमार, कांति, किरन व शिवकुमार तथा संतकुमार के उपर प्राणघातक हमला कर दिया। जिससे सभी को गम्भीर चोट आयी। कोतवाल ने बताया कि द्वितीय पक्ष के लोगों को भी मामूली चोट आयी। इलाज के लिये प्रथम पक्ष को जिला अस्पताल ले जाने पर राजकुमार को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। शेष कांति, किरन, शिवकुमार व संतकुमार अस्पताल में भर्ती हैं। सुरक्षा के मद्देनजर घटनास्थल पर एक उपनिरीक्षक व दो आरक्षी की ड्यूटी लगायी गयी है। कोतवाल ने बताया कि इस मामले में छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।