बालिका ने थानाध्यक्ष से पूछा, पुलिस गाली क्यों देती है?
वाराणसी (मिर्जामुराद) में पीएम नरेंद्र मोदी के आदर्श ग्राम नागेपुर में एक किशोरी ने पुलिस से गाली देने पर सवाल कर पुलिस के माथे पर बल ला दिया।
वाराणसी (मिर्जामुराद) : पीएम नरेंद्र मोदी के आदर्श ग्राम नागेपुर में आशा और लोक समिति के तत्वाधान में चल रहे किशोरी समर कैंप के अंतर्गत किशोरियों को थाना (मिर्जामुराद) भ्रमण करवाया गया। करीब पचास से अधिक की संख्या में किशोरियों ने थाना क्षेत्र में होने वाली प्रशासनिक गतिविधियों के बारे में जाना। चौपाल में मौजूद थानाध्यक्ष मिर्जामुराद अवनीश राय ने विस्तार से लड़कियों को उनके अधिकार और विभिन्न हित आधारित कानूनों की जानकारी दी। लड़कियों और महिलाओं को आपातकाल के दौरान मदद के लिये शुरू किये गए हेल्पलाइन लाइन नम्बर 100, 181, 1090 का इस्तेमाल करने के बारे में बताया और लड़कियों के सुरक्षा के लिए बनाये गए पॉक्सो कानून और संरक्षा की भी जानकारी दी। इसके साथ ही, किशोरियों ने थानाध्यक्ष के साथ सक्रिय चर्चा में हिस्सा लेते हुए, कई सवाल भी पूछे। पूजा ने जब थानाध्यक्ष से ये सवाल किया कि 'पुलिस जब भी हमारे गांव में किसी घटना के बाद आती है तो सीधे गाली से अपनी बात शुरू करती है। आपके अनुसार ये कितना सही है? वो घटना जिसमें उनकी माँ-बहन की कोई भूमिका ही नहीं हो वहा पुलिस द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग क्यों किया जाता है।' इसके बाद एक-एक कर किशोरियों ने अपने आंखों देखे अनुभवों के आधार पर पुलिस से जुड़े कई व्यवहारिक सवाल करने शुरू कर दिए। थानाध्यक्ष ने किशोरियों की बेबाकी और तार्किक सवालों की सराहना करते हुए बेहद संवेदनशीलता से किशोरियों के सवालों का जवाब दिया। कई लड़कियों ने अपने गांव में हो रहे जुआ और शराब की दुकान बंद करने की मांग की।
लोक समिति के संयोजक नन्दलाल मास्टर ने बताया कि आमतौर पर समर कैंप के अंतर्गत शिक्षा, कला व अन्य बच्चों के विकास से संबंधित विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाता है। लेकिन इसबार हमने किशोरियों के साथ प्रशिक्षण करने की बजाय किशोरियों के थाना भ्रमण का कार्यक्त्रम तय किया, जिससे किशोरिया पुलिस की प्रशासनिक कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से जान सकें और अपने सवालों के जवाब जान सकें। उल्लेखनीय है कि किशोरियों को स्वावलम्बी और आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक महीने तक चलने वाले इस समर कैंप की शुरुआत 15 मई से की गयी है।
आज जब हम पुलिस को लेकर एक नकारात्मक छवि अपने मन में रखते है, जिसके कई कारण हो सकते है और इसके चलते युवाओं खासकर ग्रामीण किशोरियों के मन में पुलिस को लेकर डर बना रहता है। नतीजतन कई बार वे संगीन अपराधों के बावजूद पुलिस तक मदद के लिए नहीं पहुंच पाती है। ऐसे में, पुलिस प्रशासन का इस तरह किशोरियों के साथ थाना-भ्रमण और परिचर्चा का कार्यक्त्रम आयोजन करने में सहयोग करना, समाज के आगामी सकारात्मक बदलाव का शुभसंकेत है। कार्यक्रम का स्वागत गौर ग्राम प्रधान नारायण प्रताप सिंह, अध्यक्षता ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष तेजनाथ पटेल एवं धन्यवाद ज्ञापन स्वाती सिंह और संचालन लोक समिति संयोजक नन्दलाल मास्टर ने किया।
कार्यक्रम में दानबहादुर पाल (चौकी इंचार्ज- कछवा), एसआइ-बृजेश सिंह, अजय यादव, सूर्य प्रकाश,अजय कुमार, महेंद्र कुमार सिंह (कार्यालय प्रभारी), नारायण प्रताप सिंह, श्यामसुंदर, पंचमुखी, सरिता, रामकिंकर कुमार, रामबचन, निहारिका, अनीता और सरिता मौजूद रहे।