तुलसी-शालिग्राम विवाह के बाद ही बज उठेंगे बैंड, एकादशी से ही वैवाहिक लग्न आरंभ
देवोत्थान एकादशी 20 नवंबर को है, जब भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागेंगे और चातुर्मास समाप्त होगा। इसके साथ ही तुलसी-शालिग्राम ...और पढ़ें

देवोत्थान एकादशी से शुरू होंगे मांगलिक कार्य नवंबर दिसंबर में विवाह के शुभ मुहूर्त।
HighLights
भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागेंगे, देवोत्थान एकादशी 20 नवंबर को।
चातुर्मास समाप्त, तुलसी-शालिग्राम विवाह से मांगलिक कार्यों का शुभारंभ।
नवंबर और दिसंबर में विवाह के कई शुभ मुहूर्त मिलेंगे।
शैलेश अस्थाना, जागरण, वाराणसी। कार्तिक शुक्ल एकादशी 20 नवंबर, शुक्रवार को भगवान विष्णु अपने चार माह की योगनिद्रा से बाहर आएंगे, सनातन धर्मावलंबी इसे देवोत्थान या देव उठनी एकादशी के रूप में श्रद्धापूर्वक मनाएंगे। व्रत रखकर भगवान विष्णु का बहुविध पूजन-अर्चन करेंगे और नए गन्ने के नेवान की परंपरा का पालन करेंगे।
इसी के साथ चातुर्मास समाप्त होगा और मांगलिक कार्यां का शुभारंभ होगा। घर-घर में तथा मंदिरों में बने मंडपों में माता तुलसी व शालिग्राम के विवाह के अनुष्ठान होंगे। इस दैव विवाह के साथ ही उसी देवोत्थान एकादशी की रात से ही भद्रा समाप्त होने के बाद विवाह के शुभ लग्न आरंभ हो जाएंगे। बैंड बजेंगे, शहनाइयां गूंजेंगी, बरातें सजेंगी, डोलियां उठेंगी और मिठाइयों व दावतों के दौर चल पड़ेंगे।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के ज्योतिष विभाग के पूर्व अध्यक्ष एवं काशी विद्वत परिषद के संगठन मंत्री प्रो. विनय कुमार पांडेय ने बताया कि इस बार 20 नवंबर की भोर से लेकर 26 नवंबर तक कुल पांच दिन विवाह के मुहूर्त मिलेंगे तो पांच दिन के अंतराल पश्चात फिर दिसंबर माह में पांच दिन विवाह के शुभ लग्न होंगे।
उन्होंने बताया कि तिथि, वार, लग्न, नक्षत्र, करणों के योग से विवाह मुहूर्त बनते हैं। कई बार ऐसा होता है कि नक्षत्र तो होता है लेकिन लग्न नहीं होते, ऐसी तिथियों को विवाह के लिए शुभ मुहूर्त नहीं माना जाता। उन्होंने बताया कि 19 नवंबर गुरुवार की रात्रि में लगभग दो बजे एकादशी तिथि लगेगी जो अगले दिन 20 नवंबर शुक्रवार की रात लगभग दो बजे तक रहेगी लेकिन शुक्रवार को दोपहर 2:25 बजे ही भद्रा लग जाएगी।
इसके चलते तुलसी विवाह का अनुष्ठान इसके पूर्व संपन्न कर लेना होगा। भद्रा शुक्रवार की आधी रात के बाद भोर में 3:49 बजे समाप्त होगी। इसके बाद विवाह के लिए शुभ मुहूर्त बन रहा है। इसके बाद 21, 24, 25 और 26 नवंबर को भी विवाह के लग्न हैं। 30 नवंबर को मंगल की युति, भद्रा और वैधृति योग तथा एक दिसंबर को मंगल युति के कारण विवाह के लिए शुभ मुहूर्त नहीं हैं। इसके पश्चात 2, 3, 5, 11 व 12 दिसंबर को शुभ लग्न मिलेंगे। 12 दिसंबर के पश्चात कोई लग्न नहीं है, 16 दिसंबर की रात्रि में सूर्य की धनु संक्रांति के कारण खरमास लग जाएगा और फिर प्रत्येक तरह के मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएगा।
केवल गुणों का मिलना नहीं, शुभ मुहूर्त को हाेना भी आवश्यक : आचार्य दैवज्ञ
ज्योतिर्विद आचार्य दैवज्ञ कृष्ण शास्त्री ने कहा कि एक बात अक्सर सुनने को मिलती है कि कुंडली मिलान और गुण मिलान के बाद भी वैवाहिक जीवन में परेशानियां बनी रहती हैं, ऐसा क्यों। क्योंकि विवाह के लिए केवल गुण मिलान कर लेना ही पर्याप्त नहीं है। विवाह का मुहूर्त तय करते समय वर-वधू दोनों की जन्मकुंडली के अनुसार गोचर का विचार भी उतना ही आवश्यक है।
विशेषकर विवाह के दिन गोचरस्थ चंद्रमा वर या वधू की जन्मराशि से छठे, आठवें अथवा बारहवें भाव में हो तो ऐसे मुहूर्त से बचना चाहिए। इसे चंद्रबल विचार कहा जाता है। एक बात और, वर-वधू की कुंडली मिलान के साथ उनके विचारों के मिलान पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
विवाह के शुभ मुहूर्त-
- माह नवंबर - 20, 21, 24 25, 26माह दिसंबर - 2, 3, 5, 11, 12
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।