ओडिशा से आ रही पुरवा हवा से तापमान में आया उछाल, जानिए आने वाले सप्ताह में कैसा रहेगा मौसम का हाल
पूर्वांचल में बीते चौबीस घंटों में हवा का रुख बदलने से मामूली तौर पर तापमान में इजाफा दर्ज किया गया है।
वाराणसी, जेएनएन। पूर्वांचल में बीते चौबीस घंटों में हवा का रुख बदलने से मामूली तौर पर तापमान में इजाफा दर्ज किया गया है। ओडिशा के समुद्र तटीय इलाकों से आ रही पुरवाई के कारण बुधवार को कोहरा और धुंध बढ़ गया, साथ ही तापमान में भी बढोतरी दर्ज की गई। अमूमन मौसम का यही रुख गुरुवार की सुबह भी रहा। कई दिन बाद अधिकतम तापमान फिर 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री हो गया। इससे लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम में तीन डिग्री और न्यूनतम तापमान में चार डिग्री की बढोतरी दर्ज की गई है। इस लिहाज से तापमान में यह इजाफा ठंड को देखते हुए अधिक ही कहा जा सकता है। हालांकि नई दिल्ली और आसपास हुई बारिश के बाद अब ठंड का असर पूर्वी उत्तर प्रदेश में होगा और इसका असर पूर्वांचल तक भी आ सकता है। जबकि पहाड़ों पर लगातार इन दिनों बर्फबारी जारी है, ऐसे में हवा का रुख पछुआ होते ही ठंड और सिहरन का दौर शुरु हो जाएगा। पहाडा़ें की ठंडी हवा पूर्वांचल तक आते ही कोहरा और भी सघन हाेने के साथ ही तापमान में भी गिरावट का दौर शुरू हो जाएगा। इसी के साथ लगभग पखवारे भर बाद माह भर तक पाले की भी स्थिति बन सकती है।
गुरुवार की सुबह हल्के कोहरे के बाद खिलकर धूप निकली, लेकिन सुबह हल्के धुंध ने ठंड का असर बनाए रखा।मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय ने बताया कि ओडिशा से पुरवाई आ रही है। इस कारण नमी भी बढ़ गई और अधिकतम आर्द्रता भी 94 और न्यूनतम 54 प्रतिशत हो गया था। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर से चली हवा के चलते ही पश्चिम यूपी एवं नई दिल्ली में भी बारिश हुई है। अगर पछुआ हवा आई तो तापमान में गिरावट होगी और ठंड भी बढ़ जाएगी। मौसम में बदलाव व धुंध के कारण प्रदूषण का स्तर भी बढ़कर 388 हो गया था।