अधिकतम पारे में उतार और न्यूनतम में चढ़ाव के बीच बढ़ी ठंड, जानिए कैसा रहेगा सप्ताह भर के मौसम का हाल
मौसम का रंग रुप और तेवर अब बदलाव की ओर है पूर्वांचल में तापमान जहां सामान्य हो चला है वहीं दूसरी ओर पश्चिम से आने वाली ठंडक ने लोगों को कंपाना भी शुरू कर दिया है।
वाराणसी, जेएनएन। मौसम का रंग रुप और तेवर अब बदलाव की ओर है, पूर्वांचल में तापमान जहां सामान्य हो चला है वहीं दूसरी ओर पश्चिम से आने वाली ठंडक ने लोगों को कंपाना भी शुरू कर दिया है। रविवार की सुबह भी ठंड में घुली रही तो चलने वाली हवाओं ने ठंडक का भी अहसास कराया। हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही धूप निकली मगर धूप में अधिक तेजी न होने से लोगों ने धूप सेंकना ही मुनासिब समझा। कई दिनों के बाद अधिकतम तापमान में शनिवार को गिरावट दर्ज की गई।
लगातार नीचे खिसकते जा रहा न्यूनतम पारा हालांकि बढ़ गया, लेकिन इसके बाद भी ठंड में कमी नहीं आई। मौसम विज्ञानियों ने संभावना जताई है कि अगले सप्ताह में मौसम करवट लेगा। हालांकि पहाड़ों से आने वाला बादलों और ठंड का एक झोंका अब असर खो चुका है और मध्य उप्र तक ही इसका असर रहा। मगर आगे ठंड जैसे ही और बढेगी वैसे ही पश्चिम से आने वाली हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के असर से पूर्वांचल भी प्रभावित होगा। वहीं मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमानों में 28 नवंबर से एक बार फिर मौसम का रुख बदलने की उम्मीद जाहिर की गई है।
वैसे 13.2 डिग्री सेल्सियस के साथ गुरुवार को इसी सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान हो गया था। हालांकि दूसरे दिन ही शुक्रवार को 1.6 डिग्री तक बढ़कर 14.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा गया। वहीं शनिवार को यह आंकड़ा 15.0 डिग्री पर पहुंच गया। इसी बीच आसमान साफ होने से रात को ओस के कारण ठंड में कोई कमी नहीं आई। वहीं अधिकतम तापमान भी घटकर 27.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया था, हालांकि बीते चौबीस घंटों में यह तापमान 28 पर आ गया। इस दौरान आर्द्रता अधिकतम 81 और न्यूनतम 59 फीसद दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय ने बताया कि 25 नवंबर तक मौसम में कुछ बदलाव हो सकता है। कारण कि जम्मू-कश्मीर में बारिश और बर्फबारी के बाद ठंडी हवा यहां आने वाली है।