न्यूनतम पारे में मामूली सुधार, ठंड फिर भी बरकरार, जानिए कैसा रहेगा आने वाले सप्ताह का मौसम
तापमान में भी मामूली बदलाव ही देखने को मिल रहा है जिसकी वजह से अब मौसमी दुश्वारियां कम हो रही हैं।
वाराणसी, जेएनएन। कई उतार चढ़ाव से गुजरने के बाद अब मौसम का रुख सामान्य हो चला है। तापमान में भी मामूली बदलाव ही देखने को मिल रहा है जिसकी वजह से अब मौसमी दुश्वारियां कम हो रही हैं। शनिवार की सुबह पूर्वांचल में आसमान साफ रहा और दिन चढ़ने के साथ ही ठंड में कमी आती गई। हालांकि तड़के चलने वाली ठंडी हवा लोगाें को कंपाती रही और लोग बाहर भी गर्म कपड़ों में ही नजर आए।
वहीं दूसरी ओर उत्तर-पश्चिमी हवा के कारण बुधवार की रात न्यूनतम तापमान इस सीजन के सबसे निचले स्तर पर गया था। हालांकि अगले दिन इसमें मामूली सुधार हुआ। मौसम विज्ञानियों के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में अचानक गिरावट होगी, इसके कारण ठंड बढ़ेगी। मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों में भी पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर पश्चिमी की ओर से पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवा का रुख स्पष्ट हाेने लगा है। अब अगले कुछ घंटों में ऊपरी हवा का रुख नहीं बदला तो पूर्वांचल में ठंड का और भी असर दिखने लगेगा। बीते बुधवार को भी दिन में भरपूर धूप खिली थी, जिसके कारण अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस था, लेकिन न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री पर आ गया था। गुरुवार को भी यही स्थिति थी।
तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान में तो संतुलन बना रहा, लेकिन न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस गिर गया। मामूली गिरावट के बाद अधिकतम पारा जहां 30.0 डिग्री पर आ गया वहीं न्यूनतम पारा 13.3 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं गुरुवार की रात को न्यूनतम तापमान फिर से 14.6 डिग्री पर आ गया था। हालांकि अधिकतम पारा 30.0 पर ही बरकरार रहा। जबकि इस दौरान आर्द्रता अधिकतम 76 और न्यूनतम 62 फीसद दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी एवं बारिश शुरू हो गई है। कुछ दिनों में यहां कोल्ड फ्रंट आने वाला है, जिसके बाद न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट होगी।