जलाकर जल संरक्षण की मशाल, साइकिल से महाराष्ट्र पहुंचा भदोही जिले का लाल Bhadohi news
जलाकर जल संरक्षण की मशाल इन दिनों भदोही का लाल महाराष्ट्र पहुंच चुका है। किशुनपुर हौरेयापुर निवासी गोविंद यादव ने यह सफर साइकिल से पूरा किया है।
भदोही, जेएनएन। जलाकर जल संरक्षण की मशाल इन दिनों भदोही का लाल महाराष्ट्र पहुंच चुका है। किशुनपुर हौरेयापुर निवासी गोविंद यादव ने यह सफर साइकिल से पूरा किया है। वह यूपी से महाराष्ट्र तक लोगों को जल संरक्षण के बारे में ही अवगत करा रहा है। वह इन दिनों महाराष्ट्र के नासिक पहुंच चुका है। गोविंद सोमवार को लाल बादशाह राजा के दरबार में हाजिरी लगाएगा। गणपति बप्पा को जल अर्पित करेगा, फिर वह 11 सितंबर को विसर्जन तक मुंबई में रहकर लोगों को जल संरक्षण के प्रति सजग करेगा।
किसान रामधनी यादव के परिवार के कुछ सदस्य मुंबई के पवई में रहते हैं। गोविंद का बचपन भी मुंबई में बीता। कक्षा आठ तक पढ़ाई उसने वहीं की थी। गोविंद ने बताया कि उड़ान इंडिया फाउंडेशन कोचिंग के दौरान देश के लिए कुछ करने के प्रति बच्चों को अक्सर प्रोत्साहित किया जाता था। भदोही लौटने पर उसका दाखिला पिपरी के मॉडर्न इंटर कालेज में हुआ। यहां भी समाज व देश के लिए रचनात्मक कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। उसके मन में जल संरक्षण को लेकर काफी दिनों से कुछ कर गुजरने की तमन्ना हिलोरें मारती रहती थी। 14 अगस्त को मीरजापुर से गंगाजल लेकर महाराष्ट्र रवाना हो गया। साइकिल पर फहराता राष्ट्र ध्वज देख लोग उसकी ओर आकर्षित होते रहे।
लौटने के बाद भी परवान चढ़ा उद्देश्य
जल बचाओ अभियान को लेकर निकले गोविंद ने लोगों से मुलाकात के दौरान अपना उद्देश्य बताया। महाराष्ट्र में एक सप्ताह ठहर कर वह स्कूलों में जाएंगे। बच्चों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करेंगे। वह प्रतिदिन 120 किमी साइकिल चलाते हैं। स्थानीय प्रशासन के सहयोग से रात्रि विश्राम करते हैं। रास्ते में किसी प्रकार का व्यधान अथवा समस्या का सामना नहीं करना बल्कि लोगों ने उन्हें हाथों हाथ लिया है। विशेषकर युवा वर्ग उनकी यात्रा से उत्साहित है।