उपराष्ट्रपति करेंगे संगमम का शुभारंभ, केंद्रीय शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री योगी भी रहेंगे
काशी-तमिल संगमम का पांचवां संस्करण 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक वाराणसी में आयोजित होगा, जिसका उद्घाटन उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस आयोजन में तिरुक्कुरल थीम पर प्रतियोगिताएं, तमिल भाषा शिक्षण और दक्षिण भारतीय व्यंजनों का स्वाद शामिल होगा, जिसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समापन समारोह में शिरकत करेंगे।

इडली-सांभर से तिरुक्कुरल तक, काशी में दिखेगी तमिल संस्कृति की छटा।
HighLights
काशी-तमिल संगमम का पांचवां संस्करण 28 नवंबर से वाराणसी में शुरू।
उपराष्ट्रपति, शिक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन, रक्षा मंत्री समापन में।
तिरुक्कुरल थीम पर आधारित, तमिल भाषा और संस्कृति का प्रचार।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी और तमिलनाडु के सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और शैक्षणिक रिश्तों को मजबूती देने के लिए काशी-तमिल संगमम के पांचवें संस्करण की शुरुआत 28 नवंबर से होगी। नमो घाट पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का उद्घाटन उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। 12 दिसंबर तक चलने वाले इस आयोजन के समापन समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे।
28 नवंबर को उद्घाटन
नमो घाट पर सुबह 11 बजे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे शुभारंभ। 12 दिसंबर को समापन समारोह में होंगे। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे शामिल।
तिरुक्कुरल पर केंद्रित आयोजन
महान तमिल कवि तिरुवल्लुवर की रचना पर आधारित इस बार की थीम। देश के 1380 उच्च शिक्षण संस्थानों में ''''तिरुक्कुरल अभ्यास'''' प्रतियोगिता। प्रत्येक संस्थान से एक विद्यार्थी का चयन, विजेताओं को 10 हजार रुपये की इंटर्नशिप।
तमिल भाषा सिखाएंगे 50 शिक्षक
तमिलनाडु से आए शिक्षक वाराणसी, प्रयागराज और अयोध्या के स्कूल-कालेजों में विद्यार्थियों को तमिल भाषा और तिरुक्कुरल की जानकारी देंगे। ग्रंथ में 1330 दोहे हैं।
सात स्पेशल ट्रेनों से आएंगे प्रतिनिधि
कन्याकुमारी से करीब 250 सदस्यों की पहली टोली शुक्रवार रात बनारस पहुंचेगी। 12 दिसंबर तक चेन्नई सेंट्रल, कोयंबटूर और कन्याकुमारी से सात विशेष ट्रेनें चलेंगी।
दक्षिण भारतीय व्यंजनों का स्वाद
मेहमानों को इडली-सांभर, नारियल चटनी, उपमा, रसम, लेमन राइस और दही-चावल परोसे जाएंगे। तमिलनाडु से रसोइये, मसाले और जरूरी सामग्री मंगाई जाएगी।
पारंपरिक स्वागत
बनारस स्टेशन पर तिलक, माल्यार्पण, शंखध्वनि, ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा से होगा अभिनंदन। इलेक्ट्रिक वाहनों से मेहमानों को गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा।
काशी के साथ अयोध्या-प्रयागराज भ्रमण
आइआरसीटीसी संभालेगा ठहरने, खानपान और भ्रमण की जिम्मेदारी। शहर के होटलों में मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था।
बीएचयू और आइआइटी बीएचयू की भागीदारी
दोनों संस्थान आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। आइआइटी मद्रास के सहयोग से शैक्षणिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक आदान-प्रदान को बढ़ावा दिया जाएगा।