कोहरे और धुंध से दृश्यता सामान्य से कम, वाराणसी आ रहे तीन विमान हवा में 20 मिनट तक चक्कर काटकर डायवर्ट हुए
वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर घने कोहरे और धुंध के कारण दृश्यता कम होने से विमान संचालन प्रभावित हुआ। बेंगलुरु, ...और पढ़ें

वाराणसी एयरपोर्ट पर कोहरे का कहर: तीन विमान डायवर्ट, यात्री परेशान।
HighLights
घने कोहरे के कारण वाराणसी एयरपोर्ट पर दृश्यता कम।
तीन विमानों को लखनऊ और काठमांडू डायवर्ट किया गया।
विमान संचालन में देरी, यात्रियों को हुई असुविधा।
जागरण संवाददाता, जागरण संवाददाता। बाबतपुर एयरपोर्ट पर सोमवार की सुबह मौसम में हुए अचानक बदलाव और घने कोहरे व धुंध के कारण रनवे पर दृश्यता (विजिबिलिटी) सामान्य से काफी कम हो गई, जिसका सीधा असर विमान संचालन पर पड़ा।
इंडिगो एयरलाइंस का विमान (संख्या 6E 6558) बेंगलुरु से अपने निर्धारित समय सुबह 4:30 बजे उड़ान भरकर वाराणसी हवाई क्षेत्र में सुबह लगभग 6:40 बजे पहुंचा। कम दृश्यता के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने विमान को लैंडिंग की अनुमति नहीं दी।
हवा में करीब 20 मिनट तक चक्कर काटने के बाद चालक दल ने लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और वाराणसी में दृश्यता कम होने की जानकारी दी। अनुमति मिलने के बाद विमान को लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया, जहां उसे सुरक्षित उतार लिया गया।
इसी तरह, इसी एयरलाइंस का एक अन्य विमान (संख्या 6E 6246) दिल्ली से अपने निर्धारित समय सुबह 5:25 बजे उड़ान भरकर सुबह 6:50 बजे वाराणसी पहुंचा। हवा में कुछ देर चक्कर लगाने के बाद इस विमान को भी लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया।
वहीं, बुद्ध एयर का अंतर्राष्ट्रीय विमान (संख्या U4 161) काठमांडू से अपने निर्धारित समय सुबह 7:04 बजे वाराणसी के लिए रवाना हुआ था। दृश्यता में सुधार न होने के कारण विमान ने हवा में करीब 50 मिनट तक चक्कर लगाए और अंततः उसे वापस काठमांडू के लिए डायवर्ट करना पड़ा।
संभावना जताई जा रही है कि सुबह 9:30 बजे के बाद दृश्यता सामान्य होने पर विमान संचालन पुनः सुचारू रूप से शुरू हो पाएगा। इस व्यवधान के चलते वाराणसी आने वाली अन्य शहरों की उड़ानें भी अपने निर्धारित समय से देरी से लैंड करेंगी। दृश्यता सामान्य होने के बाद डायवर्ट किए गए विमानों के भी पुनः वाराणसी लौट आए और निर्धारित समय से दो से तीन घंटे की देरी से अपने गंतव्य को रवाना हुए ।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।