बलिया में हाथी के बिदकने से गांव में मचा हड़कंप, दो घंटे बाद पाया काबू
नगरा में दो भैंसों की लड़ाई देखकर एक हथिनी सोमवार को बिदक गई। इससे करीब दो घंटे तक क्षेत्र में भगदड़ की स्थिति रही, सूचना पर थानाध्यक्ष भी हथिनी के पीछे लग गए।
By Abhishek SharmaEdited By: Published: Mon, 15 Oct 2018 06:06 PM (IST)Updated: Mon, 15 Oct 2018 06:06 PM (IST)
बलिया (जेएनएन) । नगरा में दो भैंसों की लड़ाई देखकर एक हथिनी सोमवार को बिदक गई। इससे करीब दो घंटे तक क्षेत्र में भगदड़ की स्थिति बन गई। सूचना पर थानाध्यक्ष रामदिनेश तिवारी भी हथिनी के पीछे लग गए। आगे-आगे हथिनी दौड़ रही थी पीछे-पीछे पुलिस व महावत भाग रहे थे। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद हथिनी के मालिक व महावत के प्रयास से नगरा स्थित एक अहाते में उस पर काबू पाया गया। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि इस दौरान हथिनी ने कोई नुकसान नहीं किया।
देवढि़या गांव में महावत पीपल के पेड़ के नीचे हथिनी को खड़ा कर ऊपर चढ़ कर चारा काट रहा था। इसी बीच दो भैंसे लड़ते-लड़ते हथिनी के समीप पहुंच गए। यह देख हथिनी बिदक कर बदहवास होकर दौड़ने लगी। वह कई गांवों से होकर गुजरी जिससे वहां कुछ देर तक भगदड़ की स्थिति बन जाती थी। देखते ही देखते क्षेत्र में यह खबर फैल गई कि एक हथिनी पागल हो गई है। इससे लोगों में भय व्याप्त हो गया, हालांकि दो घंटे की मशक्कत के बाद उसे काबू किया जा सका।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें