28 नवंबर को उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री काशी संगमम कार्यक्रम में होंगे शामिल, 52 स्थानों पर वाहनों के प्रवेश पर रोक
उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री 28 नवंबर को नमो घाट पर तमिल संगमम कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके मद्देनजर वाराणसी में 52 स्थानों पर वाहनों के प्रवेश पर रोक और मार्ग परिवर्तन के आदेश जारी किए गए हैं।

उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के काशी संगमम कार्यक्रम के लिए वाराणसी में 52 स्थानों पर यातायात प्रतिबंध।
HighLights
उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री 28 नवंबर को नमो घाट आएंगे।
वाराणसी में 52 स्थानों पर यातायात प्रतिबंध लागू होंगे।
प्रमुख क्षेत्रों में ऑटो, ई-रिक्शा सहित वाहनों पर रोक।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के 28 नवंबर को नमो घाट पर तमिल संगमम कार्यक्रम में शामिल होंगे। काशी आगमन को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शहर में 52 स्थानों पर रोक लगाने के साथ मार्ग परिवर्तन का आदेश जारी किया है।
सुबह नौ बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक बाबतपुर, हरहुआ, कैंट, पांडेयपुर, मैदागिन, गोदौलिया, मंडुवाडीह, बीएचयू और रामनगर क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। चार पहिया, बसों, भारी वाहनों के साथ आटो और ई-रिक्शा के संचालन पर भी अलग-अलग समय में रोक लगाई गई है।यह आदेश एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्र ने जारी किया है।
जारी आदेश में बाबतपुर पुलिस चौकी तिराहे से भारी और हल्के वाहनों को एयरपोर्ट की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें बड़ागांव की ओर भेजा जाएगा। बाबतपुर से आने वाली रोडवेज और निजी बसें हरहुआ ओवरब्रिज से नहीं गुजरेंगी। इन्हें परमपुर मार्ग से रवाना किया जाएगा। जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ की बसें हरहुआ रिंग रोड अंडरपास तक ही आएंगी।
चंदौली, प्रयागराज, सोनभद्र और मीरजापुर से आने वाली बसें ठिकाना ढाबा तथा भदोही की बसें परमपुर-सजोई अंडरपास से वापस होंगी। अखरी की ओर से आने वाली बसें मोहनसराय और डाफी की तरफ भेजी जाएंगी। हरहुआ, तरना, कैंट और कज्जाकपुरा ओवरब्रिज पर जरूरत के अनुसार वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा।
गिलट बाजार से भोजूबीर, भोजूबीर से जेपी मेहता और पुलिस लाइन से कचहरी की ओर जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा। पांडेयपुर और आसपास के चार पहिया तथा मालवाहक वाहन आजमगढ़ अंडरपास और रिंग रोड का इस्तेमाल करेंगे। लकड़ी मंडी से चौकाघाट और गोलगड्डा की ओर चार पहिया व मालवाहक वाहन नहीं जाएंगे। वीवीआइपी आगमन और प्रस्थान के समय गोदौलिया से मैदागिन के बीच सभी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
विश्वेश्वरगंज, मच्छोदरी, भदऊ चुंगी और गोलगड्डा से आने वाले वाहनों को आसपास के वैकल्पिक रास्तों पर मोड़ा जाएगा। राजघाट पुल पर सूजाबाद की ओर से चार पहिया और मालवाहक वाहनों का आवागमन भी बंद रहेगा। लहरतारा, मंडुवाडीह, भिखारीपुर और बीएचयू मार्ग पर सुबह 11 बजे से बंद होंगे। भिखारीपुर से सुंदरपुर और ककरमत्ता की ओर वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा।
चितईपुर, करौंदी और अखरी अंडरपास से वैकल्पिक रास्ते उपलब्ध रहेंगे। बीएचयू चौराहे से परिसर और सुंदरपुर की ओर जाने वाले वाहनों को रविदास गेट तथा रामा सेंटर की ओर मोड़ा जाएगा। रामनगर से बीएचयू जाने वाले वाहनों को टेंगरामोड़ की ओर भेजा जाएगा।
कई मार्गों पर बंद रहेगा आटो-ई-रिक्शा संचालन पुलिस लाइन से चौकाघाट, लहुराबीर से मैदागिन और चौकाघाट से गोलगड्डा होते हुए सूजाबाद-पड़ाव तक आटो व ई-रिक्शा का संचालन सुबह नौ बजे से बंद रहेगा।
कैंट स्टेशन से बीएचयू के बीच लहरतारा-भिखारीपुर मार्ग पर सुबह नौ से दोपहर तीन बजे तक इनका संचालन बंद रहेगा। बीएचयू से भिखारीपुर होते हुए मंडुवाडीह स्टेशन और रामनगर से बीएचयू के बीच सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक रोक रहेगी। कैंट स्टेशन जाने वाले आटो रिक्शा सिगरा और रथयात्रा मार्ग पर चलेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।