शादी की सालगिरह तो कहीं जन्मदिन पर लीप ईयर के फेर ने मारी बाध्यताओं की कुंडली
चार सालों के लंबे इंतजार के बाद शनिवार को वो दिन आ गया जब कुछ लोगों ने अपना जन्मदिन व शादी की सालगिरह मनाई।
वाराणसी [वंदना सिंह]। चार सालों के लंबे इंतजार के बाद शनिवार को वो दिन आ गया जब कुछ लोगों ने अपना जन्मदिन व शादी की सालगिरह मनाई। जी हां, लीप ईयर में जिन लोगों की शादी या जन्मदिन 29 फरवरी को पड़ती है उनके लिए इसे सेलिब्रेट करने का अवसर चार साल बाद आता है। लिहाजा शनिवार को 29 फरवरी कुछ लोगों के लिए बेहद खास हो गई। कोई गंगा घाट पर नाव पर सवार दोस्तों के साथ जन्मदिन मना रहा था तो किसी ने भगवान के द्वार पर शीश नवाया। वहीं एक जोड़े ने बाकायदा शादी समारोह का आयोजन कर एक दूसरे को वरमाला पहनाई।
शिवाला निवासी वीरेंद्र कुमार गुप्ता और पत्नी सुजाता ने एक दूसरे को वरमाला और अंगूठी पहनाई। वीरेंद्र ने बताया कि सुबह पत्नी के साथ बटुक भैरव मंदिर में दर्शन के बाद घर पर परिवारीजनों ने पूजा रखवाई थी। मैंने अपनी तरफ से पार्टी रखी जिसमें दो सौ लोगों को आमंत्रित किया है। इस बीच शादी वाले दिन की याद सभी के बीच ताजा हो गई। घर के हर सदस्य की पसंद का व्यंजन बनवाया। पत्नी को मटर पनीर पसंद है उसका भी विशेष आर्डर दिया। वहीं सुजाता ने बताया कि चार साल पर आई शादी की पहली सालगिरह की सुंदर छाप जीवन भर दिलोदिमाग पर ताजा रहेगी। पति को उनकी पसंद का रिस्ट वॉच दिया है। मगर उनका सरप्राइज तो बोनस की तरह है। बड़ालालपुर निवासी जितेंद्र और पत्नी श्रुति की यह शादी की पहली सालगिरह थी।
जितेंद्र ने अपनी पत्नी को सरप्राइज में अमृतसर, मां वैष्णो देवी दर्शन का उपहार दिया। जितेंद्र ने बताया पांच दिनों का ट्रिप है। पत्नी को बस बताया कि घूमने चलना है। चार साल पर सालगिरह मना रहे हैं तो यादगार भी होना जरूरी है। श्रुति ने बताया कि मुझे अमृतसर पहुंचकर पता चला कि कहां की प्लानिंग है। मां वैष्णो देवी के दर्शन की इच्छा थी मगर पतिदेव ने बिना कहे ही मेरी मुराद पूरी कर दी। वहीं अलईपुर निवासी अमरदीप और उनकी पत्नी शालिनी ने शनिवार को सबसे पहले मंदिर में दर्शन किया। दोनों ने एक दूसरे को उपहार भी दिया। घरवालों ने घर पर पूजा का आयोजन किया और रात का भोजन होटल में सपरिवार हुआ। अमरदीप ने बताया हमारी शादी की सालगिरह को लेकर घर वालों ने खूब प्लानिंग की। शालिनी ने बताया कि पति और परिवार ने चार साल का एक साथ बोनस उपहार दे डाला। बधाई और उपहारों की लाइन लग गई। अब मुझे लीप ईयर की अहमियत समझ आ रही है जिसने मेरा दिन खास बना दिया। भिखारीपुर निवासी अभिषेक सिंह व पत्नी अंजू सिंह की शादी को सोलह साल हो गए।
लीप ईयर में शादी हुई थी तो उनके लिए भी चार साल बाद यह मौका आया। अभिषेक और अंजू ने काशी विश्वनाथ का दर्शन किया फिर पूरा दिन घूमे फिरे। रात का खाना होटल में खाया। शापिंग भी की। अंजू ने बताया कि पतिदेव ने सोने की ईयर¨रग दी है। मैंने उन्हें डिजाइनर कुर्ता पायजामा उपहार में दिया जो उन्होंने 29 फरवरी को पहना। बच्चों ने भी हमारी फोटो क्लिक की। दुर्गाकुंड निवासी सिद्धांत रघुवंशी ने सुबह बीएचयू में विश्वनाथ जी के दर्शन के बाद दोस्तों संग नौकाविहार किया। घाट किनारे रुफ टॉप रेस्टोरेंट में दोस्तों संग केक काटा और जमकर मस्ती की। पूरा दिन घूमना हुआ। दोपहर और रात का भोजन अलग अलग होटलों में परिवार के साथ हुआ। इस दौरान सभी ने जमकर मस्ती की।