विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Varanasi Weather Update: 26 जनवरी को बढ़ेगी ठिठुरन, पारा और गिरेगा

Published: Thu, 22 Jan 2026 09:44 AM (IST)

वाराणसी में 22 से 27 जनवरी तक बारिश, मेघगर्जन और ओलावृष्टि की संभावना है। गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) पर पारा ...और पढ़ें

बनारस में पिछले 24 घंटे में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर हुआ। जागरण

बनारस में पिछले 24 घंटे में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर हुआ। जागरण

HighLights

  1. 22 से 27 जनवरी तक व्यापक बारिश और ओलावृष्टि की संभावना।

  2. गणतंत्र दिवस पर न्यूनतम तापमान 9 डिग्री तक गिरेगा।

  3. बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। शहर में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो पिछले 24 घंटे में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर बना रहा, जबकि सुबह और रात के समय हल्की ठंड और धुंध का प्रभाव बरकरार है। अधिकतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक रहा।

उधर, न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री ज्यादा है। सुबह के समय हवा में नमी का स्तर 93 प्रतिशत तक पहुंच गया है, जिसके कारण विजिबिलिटी पर असर पड़ा। दिन का अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री के आसपास रहेगा। 25 जनवरी को तापमान में हल्की वृद्धि होगी जबकि न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तक जा सकता है, जिससे रात की ठंड में मामूली कमी आएगी।

26 जनवरी को पारा गिरने के आसार हैं। न्यूनतम तापमान नौ डिग्री तक लुढ़क सकता है, जिससे सुबह गणतंत्र दिवस के कार्यक्रमों के दौरान ठिठुरन महसूस की जाएगी। फिलहाल, दिन में धूप निकलने से सर्दी से राहत मिलेगी लेकिन रात के गिरते तापमान को देखते हुए बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

माैसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि प्रदेश में 22 जनवरी की रात से 27 जनवरी तक बारिश, मेघगर्जन और ओलावृष्टि की गंभीर चेतावनी जारी की गई है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई हिस्सों के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बारिश का दौर 22 जनवरी की रात से पश्चिमी उत्तर प्रदेश से शुरू होगा और 23 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश (वाराणसी समेत) तक फैल जाएगा।

यह भी पढ़ें- Vasant Panchami 2026: वसंत पंचमी महापर्व कल, भोर 2.29 बजे से पुण्य काल

इस दौरान व्यापक वर्षा की संभावना है। 25 जनवरी को मौसम थोड़ा शुष्क रहेगा, लेकिन 26 जनवरी (गणतंत्र दिवस) से वर्षा का अगला दौर शुरू होगा, जो 27 जनवरी तक पूरे प्रदेश को अपनी चपेट में ले लेगा। 23 जनवरी को मौसमी स्थितियां सबसे अधिक चुनौतीपूर्ण होंगी। प्रदेश के कुछ जिलों में बिजली गिरने और तेज गर्जना के साथ बारिश हो सकती है। 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है।

वर्षा के प्रभाव से 22 से 24 जनवरी के बीच न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि देखी जाएगी, जिससे रात की ठिठुरन में थोड़ी कमी महसूस होगी। हालांकि, आसमान में बादल छाए रहने और बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है। ओलावृष्टि और तेज हवाओं से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।