वाराणसी में मतदाताओं की संख्या बढ़ाने के लिए बूथों पर बीएलओ डटे, लोगों की नहीं हो रही है जुटान
वाराणसी में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान में बूथों पर बीएलओ की उपस्थिति के बावजूद लोगों में उत्साह कम दिखा। चुनाव आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने युवाओं से संवाद कर मतदाता जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया और पंजीकरण प्रयासों की सराहना की।

वाराणसी में मतदाता सूची पुनरीक्षण सुस्त, चुनाव आयुक्त ने युवाओं से किया संवाद।
HighLights
मतदाता सूची पुनरीक्षण में बूथों पर कम रही भीड़।
चुनाव आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने युवाओं से संवाद किया।
छात्रों को मतदाता बनने की योग्यताएं बताई गईं।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को समस्त बूथों पर बीएलओ की उपस्थिति रही लेकिन पब्लिक में कोई उत्साह नहीं दिखा। मतदाता बनने के लिए फार्म भरने वालों की संख्या भी बहुत कम रही।
रोहनियां विधानसभा क्षेत्र के गोविंदपुर गांव के बूथ (प्राथमिक विद्यालय रोहनियां) पर मतदाताओं की सक्रियता का आलम यह रहा कि चार बूथ पर सिर्फ 20 लोगों ने मतदाता सूची में नाम सम्मलित कराने हेतु फार्म छह भरा। मतदाता सूची में नाम में नाम संशोधन के लिए तीन मतदाताओं ने फार्म आठ भरा तो वहीं दो ने मतदाता सूची से नाम विच्छेदन के लिए आवेदन फार्म जमा किया।
चुनाव आयुक्त ने युवाओं से किया संवाद
चुनाव आयुक्त डा. विवेक जोशी ने शनिवार को मतदाता जागरूकता अभियान की समीक्षा के तहत पीएम श्री राजकीय क्वींस इंटर कालेज, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय और चंदौली के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया। क्वींस इंटर कालेज में आयोजित विशेष संवाद कार्यक्रम में डा. जोशी ने छात्रों, शिक्षकों और बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से सीधा संवाद किया।
बातचीत के दौरान जब उन्होंने वोटर कार्ड बनवाने की योग्यताओं के बारे में पूछा, तो छात्रों ने आत्मविश्वास के साथ तीनों अनिवार्य अर्हताओं-18 वर्ष की आयु पूर्ण होना, भारत का नागरिक होना तथा संबंधित क्षेत्र का वैध निवास प्रमाण पत्र होना—का सटीक जवाब दिया। चुनाव आयुक्त ने युवाओं के मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया का जायजा लिया और बीएलओ से पंजीकरण का विस्तृत ब्यौरा प्राप्त किया।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, प्रधानाचार्य विश्वेश्वर सिंह, डा. कन्हैया लाल यादव और नीलिमा श्रीवास्तव ने विद्यालय में आयोजित क्विज, निबंध प्रतियोगिता व तत्काल वोटर कार्ड पंजीकरण प्रयासों की जानकारी दी। डा. जोशी ने इन समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए इसे लोकतंत्र की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।