Move to Jagran APP

Varanasi Top News : वाराणसी और आसपास की प्रमुख खबरें जो 26 नवंबर, शनिवार को दिन भर रहीं सुर्खियों में

Top Varanasi News बनारस शहर और आसपास की कई खबरों ने शनिवार यानी 26 नवंबर को सुर्खियां बटोरीं जानिए दोपहर तीन बजे तक की शहर-ए-बनारस की पांच प्रमुख और चर्चित खबरें जो दिन भर चर्चा में बनी रहीं और लोगों की नजरें भी उन खबरों पर रहीं।

By Abhishek SharmaEdited By: Published: Sat, 26 Nov 2022 02:41 PM (IST)Updated: Sat, 26 Nov 2022 02:41 PM (IST)
बनारस शहर और आसपास की कई खबरों ने शनिवार यानी 26 नवंबर को चर्चा बटोरी।

वाराणसी, इंटरनेट डेस्‍क। Varanasi Top News of 26 November 2022 : बनारस शहर और आसपास की कई खबरों ने शनिवार यानी 26 नबंबर को चर्चा बटोरी जिनमें- ओवरलोडेड नाव डूबी, हादसा देखकर फरार हो गया नाविक, नाव में नहीं थे सुरक्षा के साधन, वाराणसी में  उपमुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, वाराणसी में मनाया गया संविधान दिवस आदि प्रमुख खबरें रहीं। जानिए दोपहर तीन बजे तक की शहर-ए-बनारस की पांच प्रमुख और चर्चित खबरें।

loksabha election banner

Varanasi Boat Accident : शीतला घाट पर सैलानियों से भरी ओवरलोडेड नाव डूबी, 34 लोग थे सवार, दो गंभीर

जिला प्रशासन की ढिलाई और नाविकों की कारगुजारी एक बार फ‍िर गंगा में जानलेवा साबित हुई है। शनिवार की सुबह दक्षिण भारत के करीब 34 सैलानियों से भरी ओवरलोडेड नौका गंगा में डूब गई। हादसे की जानकारी होने के बाद पुलिस प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। स्‍थानीय लोगों के अनुसार नौका विहार करते हुए हादसे में नाव में सवार करीब 34 लोग नदी में डूब गए। वहीं सूचना मिलने के बाद एनडीआरएफ और जल पुलिस टीम राहत और बचाव कार्य में जुट गई। पुलिस के अनुसार सभी लोगों को स्‍थानीय लोगों के सहयोग से सुरक्षित निकाल लिया गया है। बताया गया कि इसमें से दो लोगों की हालत गंभीर होने की वजह से उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों ही घायल आदि नारायणा और ओपी विजया (पति-पत्नी) आंध्रप्रदेश के राजामंद्री जिले के निवासी बताए गए हैं।

Varanasi Boat Accident : डूब रही थी 30 से अधिक सैलानियों से भरी नाव, हादसा होते देखकर फरार हो गया नाविक

गंगा में सुबह करीब सात बजे हुए नाव हादसे में सभी डूबे हुए लोगों को स्‍थानीय लोगों और नाविकों के प्रयास से बचा लिया गया। मगर, हादसे में दो लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। इसमें से एक व्‍यक्ति की हालत गंभीर होने पर बीएचयू में भर्ती कराया गया है। दोनों ही घायल आदि नारायणा और ओपी विजया (पति-पत्नी) आंध्र के राजामंद्री जिले के निवासी बताए गए हैं। हादसा होने के बाद नाव पर सवार लोग जान बचाने के लिए नदी में जहां जूझ रहे थे वहीं हादसे को भांप कर नाव चला रहे नाविक ने गंगा में छलांग लगाकर खुद फरार हो गया। गंगा नदी में हादसे की जानकारी होने के बाद पुलिस अब नाविक पर कार्रवाई की तैयारी में है। स्‍थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब सवा सात बजे अहिल्‍याबाई घाट और शीतलाघाट के उस पार रेत के काफी पहले नाव अचानक हिचकोले खाने के बाद डूबने लगी। नाव डूबने की आशंका में लोग अपनी जान बचाने के लिए अफरातफरी में फंस गए तो हादसे की आशंका के बीच नाविक भी फरार हो गया।

Varanasi Boat Accident : नाव में नहीं थे सुरक्षा के साधन, पुलिस नाविक के खिलाफ करेगी कार्रवाई

नाव हादसे के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से नाविक की लापरवाही को प्रारंभिक तौर पर जिम्‍मेदार माना गया है। इस हादसे में अधिक सवारियों को बैठाने की वजह से नाव का बैलेंस बनाने के लिए जोड़ा गया पटरा बोझ न सह पाने की वजह से टूट गया। जिससे नाव में पानी भरने लगा और हादसे में 34 लोग नदी में डूबने लगे। हालांकि, दो लोग नाव से कूदने की वजह से चोटिल हो गए जिनको अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों ही घायल आदि नारायणा और ओपी विजया (पति-पत्नी) आंध्र के राजामंद्री जिले के निवासी बताए गए हैं। पर्यटकों की सुरक्षा के साथ वाराणसी में खिलवाड़ लंबे समय से होता रहा है। पूर्व में भी नौका हादसों में लापरवाही सामने आई है।जांच में सामने यही आया कि नौका में सुरक्षा के उपायों का पालन नहीं किया गया था। ऐसे में पुलिस अब हादसे के जिम्‍मेदार नौका चालक अमित साहनी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।

वाराणसी में बोले उपमुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य - 'आजमगढ़, रामपुर की तरह मैनपुरी सीट भी जीतेंगे'

उत्‍तर प्रदेश में सियासी चर्चाओं और उपचुनाव की उठापटक के बीच शनिवार को उप मुख्‍यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य वाराणसी पहुंचे तो उन्‍होंने यूपी के सियासी हालातों को लेकर भी सवालों के जवाब दिए। इस दौरान मैनपुरी उपचुनाव में पार्टी की जीत के प्रति व‍ह आश्‍वस्‍त नजर आए। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा उपचुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत हासिल की थी। इसी तरह से हम इस बार मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव भी पूरा भरोसा है कि जीतेंगे। उपमुख्यमंत्री शनिवार को अपने एकदिवसीय काशी प्रवास पर सर्किट हाउस पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि हम नगर निकाय का चुनाव पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता से लड़ रहे हैं। हमारा लक्ष्य है शत प्रतिशत निकायों में विजय हासिल करना। इसके लिए आज नगर निगम के वार्ड स्‍तरीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

वाराणसी में मनाया गया संविधान दिवस, छात्र छात्राओं को दी गई भारतीय संविधान की जानकारी

भारतीय संविधान दिवस के मौके पर वाराणसी में कई स्‍थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। शहर में आयोजित कार्यक्रमों में भारतीय संविधान की विशेषता के साथ ही इसकी महत्‍ता और प्रदत्‍त किए गए मानव के अधिकारों के बारे में भी बताया गया। युवाओं और छात्रों को जागरुक करने के साथ ही संविधान की विशेषताओं से भी अवगत कराने के साथ ही संविधान दिवस पर संविधान के बारे में सवाल जवाब कर युवाओं को जागरुक किया गया। इसी कड़ी में शनिवार को मिर्जामुराद में लोक समिति और सामाजिक संस्‍था आशा ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर मां कंचन देवी इण्टर कालेज कल्लीपुर में शनिवार को संविधान दिवस मनाया गया। इस मौके पर छात्र छात्राओं को संविधान प्रस्तावना को पढ़ाया गया तथा उन्हें भारतीय संविधान की जानकारी भी इस मौके पर दी गई। इस दौरान प्रधानाचार्य धीरेंद्र सिंह ने संविधान के निर्माण एवं इसकी मुख्य विशेषताओं के बारे में बच्चों को बताया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.