वाराणसी में सड़क पर पार्किंग मिलने पर वाहन सीज कर संचालक पर दर्ज कराएंगे मुकदमा
वाराणसी ट्रैफिक पुलिस ने मैरिज लान और बैंक्विट हाल के बाहर सड़क पर अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है। 82 चिह्नित लानों को चेतावनी नोटिस जारी कर कहा गया है कि सड़क पर वाहन मिलने पर सीज किए जाएंगे और संचालक पर मुकदमा दर्ज होगा, क्योंकि यह जाम और हादसों का कारण बनती है।

सड़क पर पार्किंग मिलने पर वाहन सीज कर संचालक पर दर्ज कराएंगे मुकदमा।
HighLights
ट्रैफिक पुलिस ने 82 मैरिज लान चिह्नित किए।
सड़क पर पार्किंग पर वाहन सीज, संचालक पर मुकदमा।
अवैध पार्किंग से जाम और हादसों का खतरा बढ़ता।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। मैरिज लान व बैंक्विट हाल के बाहर सड़क पर अवैध तरीके से वाहन पार्किंग कर जाम लगाने वाले संचालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सड़क पर जाम लगाने वाले 82 मैरिज लान को चिह्नित करने के साथ उन्हें चेतावनी नोटिस जारी करना शुरू कर दिया है। आयोजन के दौरान आने वाले वाहनों को परिसर में या तय पार्किंग स्थल पर वाहनों को पार्क कराएं।
सड़क पर वाहन पार्किंग मिलने पर वाहनों को सीज करने के साथ संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। सभी यातायात निरीक्षकों को हिदायत देते हुए कहा कि मैरिज लान व बैंक्विट हाल के बाहर सड़क पर पार्किंग पाई जाती है तो उन्हें जिम्मेदार मानते हुए कार्रवाई की जाएगी।
शहर की सड़कों पर जाम और हादसों की एक बड़ी वजह मैरिज लान व बैंक्विट हाल के बाहर सड़क पर बेतरतीब खड़े होने वाले वाहन भी हैं।
वैवाहिक कार्यक्रमों समेत अन्य आयोजन के दौरान मेहमानों की गाड़ियां सड़क पर खड़ी करा दी जाती हैं। इससे सड़क की चौड़ाई सिमट जाती है और राहगीरों को जाम से जूझना पड़ता है। कई बार एंबुलेंस और वीआइपी वाहनों को भी रास्ता नहीं मिल पाता। कई बार नोटिस और चेतावनी देने के बाद भी मैरिज लान व बैंक्विट हाल पर पुलिस की कार्रवाई के बावजूद संचालकों की मनमानी पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सड़क पर पार्किंग से बढ़ रहा हादसों का खतरा
मैरिज लान के बाहर खड़े वाहन केवल जाम की वजह नहीं बनते, बल्कि हादसों का खतरा भी बढ़ाते हैं। सड़क पर जगह कम होने से दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को अचानक दिशा बदलनी पड़ती है। कई बार वाहन आमने-सामने आ जाते हैं और टक्कर की आशंका बनी रहती है। रात में रोशनी और भीड़ के बीच सड़क किनारे खड़े वाहनों से दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। इसका खामियाजा उन राहगीरों को भुगतना पड़ता है, जिनका वैवाहिक आयोजन से कोई संबंध नहीं होता।
सड़क पर जाम लगाने वाले मैरिज लान व बैंक्विट हाल संचालकों की सूची बनाने के साथ उन्हें नोटिस जारी किया जा रहा है। 82 संचालकों की सूची बनाने के साथ सर्किल प्रभारियों को कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। इसकी मानीटरिंग खुद करने के साथ एसीपी करेंगे जिससे सड़क पर जाम नहीं लगे।
-अंशुमान मिश्र, एडीसीपी ट्रैफिक