वाराणसी की बेटियों का राष्ट्रीय स्तर पर जलवा; सीबीएसई खेल प्रतियोगिताओं में सनबीम लहरतारा की छात्राओं ने जीते पदक
काशी की प्रतिभाशाली बेटियों ने सीबीएसई राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है। सनबीम स्कूल, लहरतारा की छात्राओं ने स्केटिंग, कराटे और ताइक्वांडो में पदक जीतकर वाराणसी का गौरव बढ़ाया।

वाराणसी की बेटियों ने राष्ट्रीय खेल पटल पर बिखेरी चमक सनबीम लहरतारा की छात्राओं ने जीते पदक।
HighLights
वृद्धि माहेश्वरी ने स्केटिंग में रजत पदक अपने नाम किया।
कशिश पटेल ने कराटे में रजत पदक हासिल कर साहस दिखाया।
हिबा खान ने ताइक्वांडो में कांस्य पदक जीतकर उपलब्धि जोड़ी।
वाराणसी, जागरण संवाददाता। काशी की प्रतिभाशाली बेटियों ने एक बार फिर राष्ट्रीय खेल पटल पर अपनी चमक बिखेरी है। सनबीम स्कूल, लहरतारा की छात्राओं ने सीबीएसई (CBSE) राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक जीतकर विद्यालय और वाराणसी का गौरव बढ़ाया है। स्केटिंग, कराटे और ताइक्वांडो की राष्ट्रीय स्पर्धाओं में इन छात्राओं ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल कौशल का शानदार परिचय दिया है।
स्केटिंग में वृद्धि को रजत, एसजीएफआई नेशनल के लिए चयन
विद्यालय की कक्षा नौवीं (IX-F) की छात्रा वृद्धि माहेश्वरी ने कर्नाटक के बेलगावी स्थित ग्लोबल इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित सीबीएसई राष्ट्रीय स्केटिंग चैंपियनशिप-2026 (अंडर-19) की '1 लैप रोड रेस' स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। इस शानदार उपलब्धि के आधार पर वृद्धि का चयन 70वीं एसजीएफआई (SGFI) राष्ट्रीय स्पीड स्केटिंग चैंपियनशिप के लिए भी हो गया है, जो आगामी 19 से 21 जनवरी 2027 तक बेंगलुरु में आयोजित होगी।
कराटे में कशिश और ताइक्वांडो में हिबा ने दिखाया दम
इसी क्रम में विद्यालय की छात्रा कशिश पटेल ने मध्य प्रदेश के शाजापुर स्थित दिल्ली स्मार्ट पब्लिक स्कूल में आयोजित सीबीएसई राष्ट्रीय कराटे एसजीएफआई चयन चैंपियनशिप-2026 (अंडर-19) में अपने साहस और तकनीक का लोहा मनवाते हुए रजत पदक हासिल किया।
वहीं, कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा हिबा खान ने हरियाणा के पानीपत स्थित बाल विकास प्रोग्रेसिव स्कूल में आयोजित सीबीएसई राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप के अंडर-19 आयु वर्ग (बालिका 63 किलोग्राम भार श्रेणी) में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय की झोली में एक और बड़ी उपलब्धि डाली।
विद्यालय प्रबंधन ने दी बधाई
तीनों छात्राओं की इस ऐतिहासिक सफलता पर विद्यालय परिसर में हर्ष का माहौल है। सनबीम समूह के चेयरपर्सन डॉ. दीपक मधोक, वाइस-चेयरपर्सन भारती मधोक, डायरेक्टर अमृता बर्मन और एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हर्ष मधोक ने तीनों विजेता छात्राओं को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रबंधन ने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद और सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है, ताकि विद्यार्थी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।