वाराणसी में पांच पीएमश्री विद्यालयों के विद्यार्थियों को मिलेगा यात्रा भत्ता, डायरेक्ट खाते में भेजा जाएगा पैसा
वाराणसी के पांच पीएम श्री राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के 1642 विद्यार्थियों को यात्रा भत्ता मिलेगा। राज्य परियोजना कार्यालय ने वित्तीय ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
पीएम श्री विद्यालयों के छात्रों को मिलेगा 6000 रुपये यात्रा भत्ता।
पांच किलोमीटर से अधिक दूरी से आने वाले छात्र होंगे पात्र।
राशि सीधे आधार-सीक्ड बैंक खातों में डीबीटी से भेजी जाएगी।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। समग्र शिक्षा (माध्यमिक) योजना के अंतर्गत प्रदेश के 160 पीएम श्री राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर आई है। राज्य परियोजना कार्यालय ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ट्रांसपोर्ट एलाउंस (यात्रा भत्ता) की राशि जारी कर दी है।
इसके तहत, स्कूल से पांच किलोमीटर से अधिक दूरी से आने वाले पात्र विद्यार्थियों को छह हजार रुपये प्रति छात्र की दर से वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। राज्य परियोजना निदेशक द्वारा जिला विद्यालय निरीक्षक को भेजे गए पत्र के अनुसार, जनपद के पांच राजकीय विद्यालयों के 1642 पात्र छात्र-छात्राओं को इस योजना का सीधा लाभ मिलेगा।
करीब 98.52 लाख रुपये छात्रों के खातों में भेजे जाने की तैयारी शुरू हो चुकी है। यह पूरी सहायता राशि सीधे पात्र विद्यार्थियों के आधार-सीक्ड और सक्रिय बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से भेजी जाएगी।
विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को विद्यार्थियों के निवास की दूरी का प्रमाण-पत्र प्राप्त कर अपने स्तर से उसका सत्यापन करना होगा। यह सुनिश्चित करने की पूरी जिम्मेदारी प्रधानाचार्य की होगी कि किसी भी अपात्र छात्र को भुगतान न हो।
प्रधानाचार्यों और एसएमडीसी के सदस्यों के माध्यम से विद्यार्थियों के बैंक खातों की आधार सीडिंग और एनपीसीआइ मैपिंग अनिवार्य रूप से पूर्ण कराई जाएगी, जिससे भुगतान प्रक्रिया में कोई बाधा उत्पन्न न हो।
किस विद्यालय को कितना मिला बजट
| विद्यालय का नाम | लाभान्वित छात्र | स्वीकृत बजट (लाख रुपये में) |
|---|---|---|
| राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज लहुराबीर | 602 | 36.12 |
| प्रभु नारायण राजकीय इंटर कॉलेज रामनगर | 531 | 31.86 |
| राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, मलदहिया | 260 | 15.60 |
| राजकीय इंटर कॉलेज, जक्खिनी | 142 | 8.50 |
| राजकीय अभिनव इंटर कॉलेज, आराजीलाइन | 107 | 6.42 |
