वाराणसी नगर निगम : वेब एक्स एप पर आॅनलाइन होंगे अधिकारी, सोशल डिस्टेंसिंग पर होगा कामकाज
कोरोना वायरस के संक्रमण के मद्देनजर वाराणसी नगर निगम के अधिकारी भी सोशल डिस्टेंसिंग के नियम पर काम करने लगे हैं। इसके लिए बनाए गए वेब एक्स एप पर अधिकारी ऑनलाइन होंगे।
वाराणसी, जेएनएन। कोरोना वायरस के संक्रमण के मद्देनजर नगर निगम के अधिकारी भी सोशल डिस्टेंसिंग के नियम पर काम करने लगे हैं। इसके लिए बनाए गए वेब एक्स एप पर सभी अधिकारी ऑनलाइन होंगे। सभी बैठकें इसी एप के जरिए होंगी। इसका नियंत्रण सिगरा स्थित सिटी कमांड कंट्रोल सेंटर से होगा। इसके माध्यम से वीडियो कांफ्रेंसिंग, सूचनाओं का आदान-प्रदान, अधिकारियों के लोकेशन के बारे में जानकारी अपडेट रहेगी। अपर नगर आयुक्त देवीदयाल वर्मा ने बताया कि कमांड सेंटर में ही कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। इसका टोल फ्री नंबर 18001805567 व 0542-2720005 है। इन नंबरों पर शिकायतें दर्ज करने के लिए सुबह सात से दोपहर दो बजे तक व दो से रात दस बजे तक कर्मचारी तैनात रहेंगे। वे शिकायतें व सूचनाएं संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों तक पहुंचाएंगे।
सोशल डिस्टेंसिंग से तोड़ें कोरोना की चेन
कोराना वायरस का संक्रमण आम वायरस से लगभग 30 से 50 गुना अधिक तेजी से फैल रहा है। मानव शरीर की कोशिका में घर बनाकर यह वायरस 24 घंटे में एक हजार से एक करोड़ की संख्या तक पहुंच कर संक्रमण फैला सकता है। शीर्ष स्वास्थ्य सुविधाओं वाले देशों को तो इसने कहीं का नहीं छोड़ा, जबकि वहां के नागरिक हमसे ज्यादा शिक्षित और जागरूक हैं। वहीं, हम वैसी स्वास्थ्य सुविधाओं व साक्षरता में बहुत पीछे हैैं। बावजूद इसके हम गाहे-बगाहे लॉकडाउन व जनता कफ्र्यू का भी खुलेआम उपहास कर रहे हैं। यदि हम जाग जाएं और सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह पालन करें तो 10-12 दिन में कोरोना की अटूट चेन को तोड़ सकते हैं। यह मानना है एसोसिएशन ऑफ फिजिशियन ऑफ इंडिया के बनारस चैप्टर के अध्यक्ष व अध्यक्ष व आइएमए के पूर्व अध्यक्ष डा. पीके तिवारी का।
बचाव के लिए आदत में लाएं
-बाहर जाना ही पड़े तो मास्क लगाएं।
-मास्क बदलते रहें या सैनिटाइज करें।
-किसी से मेल-मिलाप न बढ़ाएं।
- किसी से मिलते समय एक मीटर दूरी बनाएं।
-घर पहुंचकर स्नान करें व कपड़े ठीक से धोएं।
-किसी वस्तु को छूने के बाद सैनिटाइजर या साबुन से 30 सेकेंड तक हाथ धोएं।
-प्रतिरोधी क्षमता विकास के लिए सुबह सूरज की रोशनी लें और योगासन करें।
-नींद पूरी लेें, पानी लगातार पीते रहें व उच्च पोषण युक्त नाश्ता लें।
-शीतल पेय कतई न लें।