वाराणसी में गंगा किनारे होगा मेगा एयर शो, भारतीय वायुसेना के 100 से ज्यादा विमान दिखाएंगे शौर्य
वाराणसी में भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस पर 22, 23 और 25 अक्टूबर को मेगा एयर शो का आयोजन ...और पढ़ें

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
वाराणसी में 22, 23, 25 अक्टूबर को होगा मेगा एयर शो।
100 से अधिक एयरक्राफ्ट गंगा के ऊपर भरेंगे उड़ान।
आयोजन पर 50 करोड़ रुपये से अधिक का खर्च अनुमानित।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में वाराणसी में 22, 23 और 25 अक्टूबर को मेगा एयर शो का आयोजन प्रस्तावित है। इस भव्य आयोजन में 100 से अधिक एयरक्राफ्ट गंगा के ऊपर से उड़ान भरेंगे।
लोग घाट की सीढ़ियों और गंगा पार रेती से इस शो का आनंद ले सकेंगे। पूर्वांचल, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ से लगभग 20 लाख लोगों की भागीदारी की उम्मीद है। अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत कई राष्ट्रीय नेताओं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल आदि के उपस्थित रहने की संभावना है।
इस दौरान आने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तैयारियों में प्रशासनिक महकमा जुट गया है। अनुमान है कि पूरी तैयारी पर लगभग 50 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हो सकते हैं। इसमें भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सड़क, पार्किंग, बिजली, पेयजल, ड्रोन निगरानी, बैरकेडिंग, स्वास्थ्य सुविधा, फायर ब्रिगेड, सीसीटीवी आदि की व्यवस्था होगी। गंगा पार डोमरी में नई सड़कें बनेंगी तो वहीं पार्किंग आदि की व्यवस्था होगी।
मध्य वायु कमान प्रयागराज के ग्रुप कैप्टन जितेंद्र पांडेय के नेतृत्व में स्थानीय अधिकारियों की बैठक शुक्रवार को सर्किट हाउस सभागार में हुई। ग्रुप कैप्टन ने कहा कि एयर शो के लिए अधिक से अधिक विभागों को जोड़ा जाए।
एयरफोर्स ने ड्रोन उड़ाने पर रोक के लिए पुलिस अधिकारियों को फुलप्रूफ योजना बनाने के लिए निर्देश दिया। पूर्व में देव दीपावली, महाकुंभ के दौरान काशी आने वाली भीड़ के नियंत्रण के किए गए इंतजाम को शामिल करते हुए योजना बनाएं। किसी आपात स्थिति और उससे निपटने की योजना साथ रहे। इसी क्रम में प्रशासन की टीम ने शनिवार को जिलाधिकारी के नेतृत्व में निरीक्षण भी किया।
एक माह में घाट की सीढ़ियों पर जमी मिट्टी हटाना बड़ी चुनौती
एयर शो की तैयारी को मात्र एक माह बचा है वहीं गंगा में जलस्तर 67 मीटर से ऊपर बना हुआ है। सीढ़ियां डूबी हैं। जिन सीढ़ियों से पानी उतरा है उन पर भी दो फीट तक मिट्टी और मलबा जमा है। लगातार हो रही वर्षा से जलस्तर बहुत धीमी गति से घट रहा है।
वैसे मौसम विभाग का अनुमान है कि 24 सितंबर के बाद एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। उसके बाद वर्षा चली जाएगी। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए अधिकतर घाटों पर सफाई शुरू नहीं हुई है।
नगर निगम को अगले 20-25 दिनों में घाटों की सफाई करने का निर्देश दिया गया है। जगह-जगह घाट धंसने के साथ टूटे भी हैं। इससे जुटने वाली भीड़ में कोई दुर्घटना न हो इसके लिए उनकी मरम्मत का भी काम है।
100 से अधिक लड़ाकू विमान व हेलीकाप्टर लेंगे भाग
मेगा एयर शो में 100 से अधिक लड़ाकू विमान, हेलीकाप्टर और एरोबेटिक टीमें आसमान में करतब दिखाएंगी। विमान बाबतपुर एयरपोर्ट के अलावा प्रयागराज, लखनऊ, गोरखपुर, गाजीपुर से उड़ान भरेंगे। यह शो प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से ढाई बजे के करीब होगा। इसे 84 घाटों की सीढ़ियों और गंगा पार रेती में बैठकर आसानी से देख सकेंगे।
विमान बाबतपुर एयरपोर्ट के अलावा प्रयागराज, लखनऊ, गोरखपुर, गाजीपुर से उड़ान भरेंगे। इस बार एयर शो काशी में करने के पीछे उद्देश्य है कि पूर्वांचल, बिहार तक के युवाओं को सेना के जवानों के हैरतअंगेज करतब के माध्यम से राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करना।
