हॉकी में वाराणसी के खिलाड़ियों का दम, क्वार्टर फाइनल में अंडर-17 और अंडर-19 टीमें
रामपुर में चल रही 70वीं प्रदेशीय हॉकी प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल की अंडर-17 और अंडर-19 बालक टीमों ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है।

क्वार्टर फाइनल में अंडर-17 और अंडर-19 टीमें।
HighLights
वाराणसी की अंडर-17 बालक टीम ने तीनों मैच बड़े अंतर से जीते।
अंडर-19 बालक और अंडर-17 बालिका टीमें भी क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं।
कोच कमलेश कुमार सिंह, घनश्याम, ताज खान की देखरेख में शानदार प्रदर्शन।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। रामपुर में चल रही 70वीं प्रदेशीय हॉकी प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल के खिलाड़ियों ने मैदान पर शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग में क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
अंडर-17 बालक टीम ने अपने तीनों मुकाबलों में आक्रामक हॉकी खेली और बड़े अंतर से जीत दर्ज की। टीम ने मेरठ को 5-0, गोरखपुर को 4-0 और आगरा मंडल को 5-0 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। अंडर-19 बालक वर्ग में भी वाराणसी मंडल के खिलाड़ियों ने प्रभावी खेल दिखाया।
टीम ने आगरा को 5-0 और प्रयागराज को 3-0 से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। बालिका वर्ग में भी वाराणसी मंडल की अंडर-17 टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। मैचों में वाराणसी के खिलाड़ियों ने तेज आक्रमण के साथ मजबूत रक्षापंक्ति का तालमेल बनाए रखा।
विपक्षी टीमों को गोल करने के सीमित मौके देते हुए वाराणसी के खिलाड़ियों ने लगातार गोल दागे। कोच कमलेश कुमार सिंह एवं घनश्याम और ताज खान की देखरेख में टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही है। मंडलीय सचिव राजेश कुमार सिंह ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं।
