वाराणसी: गंगा और वरुणा नदी के किनारे बनेंगे 25,446 करोड़ रुपये के एलिवेटेड कॉरिडोर, जाम से मिलेगी राहत
वाराणसी में गंगा और वरुणा नदी के किनारे 25,446 करोड़ रुपये के एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने की योजना है।

तस्वीर को प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए एआई टूल GEMINI से बनाया गया है।
HighLights
25,446 करोड़ रुपये के गंगा-वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर प्रस्तावित।
शहर की यातायात व्यवस्था सुधरेगी, यात्रा समय घटेगा।
धार्मिक, पर्यटन स्थलों तक पहुंच होगी बेहद आसान।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। गंगा और वरुणा नदी के किनारे प्रस्तावित 89.2 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण के लिए निजी कंपनियों ने दिलचस्पी दिखाई है। दोनों परियोजनाओं के चार पैकेजों के लिए कुल 32 निविदाएं प्राप्त हुई हैं। इनमें वरुणा एलिवेटेड कारिडोर के दो पैकेजों के लिए 15 और गंगा एलिवेटेड कारिडोर के दो पैकेजों के लिए 17 निविदाएं आई हैं।
25,446 करोड़ रुपये की परियोजनाओं से न सिर्फ शहर की यातायात व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान हो जाएगी। जाम से जूझ रहे शहरवासियों और आने वाले पर्यटकों को बड़ी राहत मिलेगी। परियोजना में पर्यटकों की सुविधा पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है।
वरुणा कॉरिडोर से 40 मिनट का सफर घटकर हो जाएगा 20 मिनट का
वरुणा के किनारे 43.2 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कारिडोर बनाया जाएगा। एनएच-31 को रिंग रोड से जोड़ेगा। हाइब्रिड वार्षिकी माडल (एचएएम) पर बनने वाली परियोजना की कुल लागत 10,998.32 करोड़ रुपये है। यह छह लेन का एलिवेटेड कारिडोर होगा। इसमें मुख्य मार्ग, फ्लाईओवर, लूप, रैंप और सर्विस रोड भी शामिल होंगे। इससे एनएच-31 और काशी रेलवे स्टेशन के बीच सफर करने में लगभग 40 मिनट से घटकर 20 मिनट हो जाएगा। वाहनों की रफ्तार 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे होगी। एयरपोर्ट, काशी रेलवे स्टेशन, वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन, रामनगर तक सफर आसान होगी।
गंगा कॉरिडोर से नदी के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान
गंगा के किनारे 46 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कारिडोर बनाया जाएगा। यह एनएच-19 को रिंग रोड से जोड़ेगा। हाइब्रिड वार्षिकी माडल पर बनने वाली इस परियोजना की कुल लागत 14,447.64 करोड़ रुपये है। इसमें छह लेन का एलिवेटेड कारिडोर, 910 मीटर लंबा केवल-स्टैंड पुल, 1.32 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड फुट ओवरब्रिज-कम-मेजर ब्रिज, लूप, रैंप, लिंक रोड और सर्विस रोड का निर्माण शामिल है। इससे एनएच-19, रिंग रोड, रामनगर और आसपास क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी होगी। इससे 60 मिनट से घटकर 20 मिनट समय लगेगा और पैसा भी बचेगा।
आर्थिक केंद्रों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
एलिवेटेड कारिडोर बनने से श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, नमो घाट, रामनगर किला और प्रमुख घाटों तक पहुंच आसान होगी। साथ ही लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और रामनगर के औद्योगिक क्षेत्रों तक आवागमन को बढ़ावा मिलेगा।
एनएचएआइ के अधिकारियों ने अनुसार दोनों परियोजनाएं प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के अनुरूप विकसित की जाएंगी। इनसे वाराणसी के साथ चंदौली के सामाजिक और आर्थिक केंद्रों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। मालवाहक वाहनों की आवाजाही सुगम होने से लाजिस्टिक्स लागत घटने, सड़क सुरक्षा बढ़ने और पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।