आज से 25 अक्टूबर तक बटेगा इस महीने का मुफ्त राशन, अंत्योदय कार्डधारकों को मिलेगा 35 किलो खाद्यान्न
10 से 25 अक्टूबर तक उचित दर की दुकानों से निःशुल्क खाद्यान्न वितरित किया जाएगा। अंत्योदय और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
वाराणसी में 10 से 25 अक्टूबर तक मुफ्त राशन वितरण।
अंत्योदय और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को मिलेगा खाद्यान्न।
आधार प्रमाणीकरण न होने पर 25 अक्टूबर को ओटीपी सुविधा।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। उचित दर की दुकानों से अक्टूबर माह के खाद्यान्न का वितरण 10 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक किया जाएगा। इस संबंध में जिला पूर्ति कार्यालय, वाराणसी की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण बल्लभ सिंह ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत अंत्योदय और पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा में निःशुल्क गेहूं और चावल वितरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राशन वितरण सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा अपराह्न दो बजे से शाम छह बजे तक होगा। अंत्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड 10 किलो गेहूं और 25 किलो चावल, कुल 35 किलो खाद्यान्न निःशुल्क मिलेगा। वहीं, पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति यूनिट एक किलो गेहूं और चार किलो चावल, कुल पांच किलो खाद्यान्न दिया जाएगा।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि राशन वितरण से पहले संबंधित अधिकारियों द्वारा दुकानों के स्टॉक का सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने सभी उचित दर विक्रेताओं को निर्देशित किया कि निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पारदर्शिता के साथ खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित करें।
विज्ञप्ति के अनुसार, जिन कार्डधारकों को आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से राशन प्राप्त करने में किसी कारणवश कठिनाई होती है, उनके लिए निर्धारित अंतिम तिथि 25 अक्टूबर को मोबाइल ओटीपी सत्यापन के माध्यम से भी निःशुल्क खाद्यान्न प्राप्त करने की व्यवस्था रहेगी।
अधिकारियों एवं पूर्ति निरीक्षकों को वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी करने और योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें- यूपी MLC चुनाव में 7 प्रत्याशियों ने नाम लिया वापस, अब मैदान में 152 उम्मीदवार; 23 अक्टूबर को होगी वोटिंग
