त्योहारों पर घर जाना महंगा: जेट फ्यूल के दाम बढ़ते ही एयरलाइंस ने बढ़ाया किराया, 4 गुना तक महंगे हुए टिकट
एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमतों में वृद्धि के कारण एयरलाइंस ने फ्यूल सरचार्ज बढ़ा दिया है, जिससे वाराणसी से हवाई यात्रा महंगी हो गई है।
-1770216202641-1791518807069_m.webp)
जेट फ्यूल के दाम बढ़ते ही एयरलाइंस ने बढ़ाया किराया।
HighLights
एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमतें लगातार बढ़ीं।
एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया।
त्योहारों में वाराणसी से हवाई यात्रा का किराया बढ़ा।
जागरण संवाददाता, बाबतपुर (वाराणसी)। एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमतों में लगातार हो रहे इजाफे के चलते एयरलाइंस ने घरेलू उड़ानों का फ्यूल सरचार्ज बढ़ा दिया है, जिससे वाराणसी (लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा) से यात्रा करने वाले यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ गया है।
घरेलू बाजार में जेट फ्यूल की कीमत बढ़कर लगभग 137 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है, जिससे लागत को संतुलित करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
इंडिगो द्वारा फ्यूल चार्ज बढ़ाए जाने के बाद अब एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी फ्यूल चार्ज में बढ़ोतरी कर दी है। इसका सीधा असर वाराणसी से संचालित होने वाली उड़ानों पर पड़ा है।
दशहरा, दीपावली और छठ जैसे त्योहारों के इस पीक सीजन में बाबा विश्वनाथ के दर्शन और घर वापसी के लिए काशी आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या बहुत अधिक है। ऐसे में फ्यूल चार्ज बढ़ने से फ्लाइट टिकटों के दाम और महंगे हो गए हैं, जिससे यात्रियों के यात्रा बजट पर भारी असर पड़ा है।
एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के इस फैसले का असर वाराणसी से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु के अलावा शारजाह और बैंकॉक (थाईलैंड) जैसी अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के किराए पर भी पड़ेगा। यदि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी नहीं आई, तो यात्रियों को लंबे समय तक महंगे हवाई सफर का सामना करना पड़ सकता है।
दिवाली पर घर आने के लिए चार गुना अधिक किराया चुकाना पड़ेगा
विमानन कंपनियों ने दिवाली के मौके पर मनमना किराया बढ़ा दिया है। यदि 6 नवंबर को मुंबई से वाराणसी के किराए पर नजर डाले तो एयर इंडिया का किराया सामान्य से चार गुणा ज़्यादा 23000 के करीब है इंडिगो और अकासा का भी 16000-18000 तक है।
ट्रेवल कारोबार से जुड़े लोगों की मानें तो एक महीने पहले टिकट बुक करने पर यह स्थिति है तो त्योहार करीब आने पर यह और बढ़ सकता है।
इसी तरह दिल्ली से वाराणसी का 6 नवंबर का किराया 14000-19000 तक पहुंच गया है। हैदराबाद से वाराणसी का किराया भी 15000-18000 के करीब है।
इसी तरह शारजाह से भी आने का किराया 35000 से अधिक है। ऐसी स्थिति में प्रवासी जो विभिन्न शहरों में रोजगार के सिलसिले में रहते हैं, उन्हें दिवाली और छठ के अवसर पर घर आने में जेब ढीली करनी पड़ सकती है।
