वाराणसी एयरपोर्ट पर इंडिगो के पायलट ने ड्यूटी पूरी होने पर विमान ले जाने से किया इनकार
वाराणसी एयरपोर्ट पर खराब मौसम और पायलट की ड्यूटी पूरी होने के कारण इंडिगो की बेंगलुरु उड़ान रद्द हो गई। ...और पढ़ें

वाराणसी एयरपोर्ट पर इंडिगो उड़ान रद्द, पायलट ने ड्यूटी खत्म होने पर विमान उड़ाने से किया मना।
HighLights
वाराणसी में खराब मौसम से इंडिगो की बेंगलुरु उड़ान में देरी।
पायलट और क्रू की ड्यूटी अवधि पूरी होने से उड़ान रद्द।
167 यात्रियों के लिए इंडिगो ने वैकल्पिक यात्रा की व्यवस्था की।
जागरण संवाददाता (बाबतपुर) वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मौसम की खराबी और क्रू मेंबर की ड्यूटी पूरी होने के कारण इंडिगो एयरलाइंस की बेंगलुरु जाने वाली उड़ान रद्द करनी पड़ी। हालांकि, एयरलाइन प्रबंधन ने तत्परता दिखाते हुए फंसे हुए 167 यात्रियों के लिए तुरंत वैकल्पिक इंतजाम किए, जिसके चलते अधिकांश यात्री अन्य उड़ानों के जरिए अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को इंडिगो की आने वाली उड़ान (6ई 6596) बेंगलुरु से अपने निर्धारित समय शाम 5:45 बजे से आधे घंटे की देरी यानी 6:15 बजे वाराणसी हवाई क्षेत्र में पहुँची। वाराणसी में उस दौरान अचानक तेज आंधी और भारी बारिश के कारण दृश्यता (विजिबिलिटी) बेहद कम थी, जिसके कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी)से तुरंत लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी।
खराब मौसम के चलते विमान को लगभग आधे घंटे तक हवा में ही चक्कर काटना पड़ा। इसके बाद, शाम 6:45 बजे विमान ने वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। नियमानुसार इसी विमान को उड़ान संख्या 6ई 6597 बनकर वापस बेंगलुरु के लिए रवाना होना था। लेकिन, लैंडिंग के बाद पायलट और क्रू मेंबर ने 'फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन ' (एफ़डीटीएल)यानी अपनी ड्यूटी के निर्धारित घंटे पूरे होने का हवाला देते हुए विमान को आगे ले जाने से इनकार कर दिया।
जिस समय पायलट ने इनकार किया उस समय अन्य शहरों से वाराणसी आने वाले विमान उड़ान भर चुके थे इसलिए किसी अन्य शहर से पायलट को नहीं बुलाया जा सका ।इसलिए विमान को रद्द करना पड़ा । विमान रद्द होने की सूचना मिलने के बाद एयरपोर्ट पर मौजूद 167 यात्रियों को एयरलाइन की तरफ से तुरंत वैकल्पिक यात्रा के विकल्प दिए गए।
कुछ यात्रियों को इंडिगो की ही बेंगलुरु जाने वाली दूसरी फ्लाइट 6ई 499 से रवाना किया गया। इसके अलावा कुछ यात्रियों को मुंबई और हैदराबाद जाने वाले विमानों के जरिए बैंगलुरु भेजा गया। अधिकांश यात्री उपलब्ध अन्य विमानों से रवाना हो गए, जबकि कुछ यात्रियों ने अपनी यात्रा को रद्द कर अगले दिन की टिकट का विकल्प चुना।
वही कुछ यात्रियों ने टिकट रिफंड कर फुल रिफंड लिया। एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि मौसम खराब होने के कारण बैंगलुरू से आने वाले इंडिगो के विमान में देरी हुई और पायलट की ड्यूटी खत्म हो गई यात्रियों की सुविधा के लिए एयरलाइंस द्वारा व्यवस्था की गई है।
