विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी की समीक्षा बैठक: कोई पात्र मतदाता छूटे नहीं, युवाओं और महिलाओं पर विशेष फोकस

By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 21 Nov 2026 02:54 PM (IST)

निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी ने वाराणसी में मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के लिए गहन समीक्षा की। उन्होंने युवाओं और महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष जोर देते हुए स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

वाराणसी में निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी की समीक्षा बैठक मतदाता सूची शुद्धिकरण पर जोर।

वाराणसी में निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी की समीक्षा बैठक मतदाता सूची शुद्धिकरण पर जोर।

HighLights

  1. मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने पर जोर।

  2. युवाओं और महिला मतदाताओं के पंजीकरण हेतु विशेष अभियान।

  3. स्वतंत्र, निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए गहन समीक्षा।

वाराणसी, जागरण संवाददाता। मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग के निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी ने शनिवार को वाराणसी में निर्वाचन संबंधी कार्यों की गहन समीक्षा की।

कमिशनरी सभागार में आयोजित इस उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त, पुलिस आयुक्त, जिला निर्वाचन अधिकारी और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) के साथ तैयारियों के हर पहलू पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के दौरान निर्वाचन आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे और चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई जाए।

युवाओं को जोड़ने के लिए विशेष अभियान

समीक्षा बैठक में निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए नए और युवा मतदाताओं का पंजीकरण बेहद आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों और भर्ती रैलियों में विशेष कैंप लगाए जाएं तथा सघन अभियान चलाकर पात्र युवाओं से फॉर्म-6 भरवाया जाए। इसके साथ ही मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों को तेज करने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि लोगों को मतदाता बनने के प्रति प्रेरित करने के लिए सिनेमा हॉलों में विज्ञापनों के माध्यम से भी जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएं।

महिला मतदाताओं व जेंडर रेशियो पर खास जोर

जनपद में जेंडर रेशियो की समीक्षा करते हुए निर्वाचन आयुक्त ने इसका प्रतिशत कम पाए जाने पर चिंता जताई और इसे सुधारने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष अभियान चलाकर पात्र महिला मतदाताओं से फॉर्म-6 भरवाया जाए और उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराया जाए। इस लक्ष्य को प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) की महिलाओं के साथ समन्वय बनाकर उनका सक्रिय सहयोग लेने के निर्देश भी दिए गए।

बूथ सीमा, फॉर्म-8 और बीएलओ की भूमिका

निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि मतदाता सूची में संशोधन से जुड़े फॉर्म-8 के कार्यों पर लगातार निगरानी रखी जाए और भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइंस का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और शुद्ध बनाने में बीएलओ (BLO) की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी बूथ पर मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक न हो, इसकी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

प्रशिक्षण, कानून व्यवस्था और नए मतदाताओं से संवाद

चुनाव कार्य में जुटे अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए विवेक जोशी ने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने में सभी कार्मिकों का दायित्व अहम है। उन्होंने कहा कि मतदान कार्मिकों का प्रशिक्षण जितना बेहतर और व्यावहारिक होगा, मतदान प्रक्रिया उतनी ही सरलता और सहजता से पूरी हो सकेगी। मतदान के समय केंद्रों पर कार्मिकों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, संवेदनशील बूथों के चिह्नांकन और कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी उन्होंने विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने नए मतदाताओं द्वारा भरे गए आवेदनों का अवलोकन किया और मौजूद युवा व नवपंजीकृत मतदाताओं से सीधा संवाद भी किया।

बैठक से पहले बूथों का स्थलीय निरीक्षण

कमिशनरी सभागार में बैठक से पूर्व निर्वाचन आयुक्त विवेक जोशी ने जमीनी हकीकत परखने के लिए विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। वे संपूर्णानंद, राजकीय क्वींस कॉलेज और मॉडल प्राइमरी स्कूल (कैंटोनमेंट) पहुंचे, जहां उन्होंने बूथों पर चल रही मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की गतिविधियों का बारीकी से अवलोकन किया।

प्रशासन ने दिया आश्वासन

बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने जनपद की सामान्य स्थिति, विधानसभावार ईपी रेशियो, जेंडर रेशियो और चल रहे अन्य निर्वाचन कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। बैठक के अंत में मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने निर्वाचन आयुक्त को आश्वस्त किया कि सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन कराते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और सकुशल संपन्न कराया जाएगा। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार और सभी ईआरओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।