काशी की समस्याओं को लेकर कांग्रेस महानगर की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में निकालेगी ‘काशी न्याय यात्रा’
महानगर कांग्रेस कमेटी वाराणसी की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 'काशी न्याय यात्रा' निकालेगी। यह यात्रा सीवर, पेयजल, सड़क और मतदाता ...और पढ़ें

काशी की समस्याओं पर कांग्रेस की 'काशी न्याय यात्रा' तीनों विधानसभा क्षेत्रों में।
HighLights
कांग्रेस महानगर कमेटी 'काशी न्याय यात्रा' का करेगी आयोजन।
यात्रा वाराणसी की मूलभूत जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाएगी।
सीवर, पेयजल, सड़क, मतदाता सूची के मुद्दों पर आवाज बुलंद।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रस्तावित ‘काशी न्याय यात्रा’ के संदर्भ में उत्तरी विधानसभा क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण बैठक खजुरी स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने की। बैठक में काशी के 100 वार्डों में व्याप्त मूलभूत जनसमस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई तथा आगामी न्याय यात्रा की रूपरेखा तैयार की गई।
बैठक में सीवर की समस्या, पेयजल संकट, खराब सड़कों, जलभराव सहित नगर की अन्य बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर चर्चा हुई। इसके साथ ही एसआईआर के नाम पर मतदाता सूची से लोगों के नाम काटे जाने की शिकायतों को भी जनता के बीच प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि डबल इंजन की सरकार है प्रधानमंत्री जी संसदीय क्षेत्र है वर्ष 1989 से काशी में भारतीय जनता पार्टी का वर्चस्व रहा है। लगातार सांसद महापौर, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भाजपा से रहे हैं।
प्रदेश और केंद्र में डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद काशी के नागरिक आज भी सीवर, पेयजल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान हैं। आखिर इतने वर्षों के शासन के बाद भी काशी की मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान क्यों नहीं हो पाया?
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की इन समस्याओं को लेकर चुप नहीं बैठेगी। ‘काशी न्याय यात्रा’ के माध्यम से शहर के सभी 100 वार्डों में पहुंचकर आम नागरिकों की समस्याओं को सुना जाएगा, उन्हें दर्ज किया जाएगा और उनके समाधान के लिए आवाज बुलंद की जाएगी।
राघवेंद्र चौबे ने कहा कि काशी न्याय यात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आम जनता की पीड़ा, अधिकार और न्याय की आवाज बनेगी। कांग्रेस पार्टी वाराणसी की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में यह यात्रा निकालेगी, जिसके माध्यम से नगर की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों और शासन-प्रशासन के सामने मजबूती से उठाया जाएगा।
बैठक में उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने यात्रा को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया। बैठक में राघवेंद्र चौबे, सतनाम सिंह, मयंक चौबे, हसन मेहदी कब्बन, पीयूष श्रीवास्तव, संतोष चौरसिया, सुफियान अहमद, प्रवीण सिंह, रोहित दुबे, हिमांशु सिंह, रोहित मौर्य, शास्वत चौबे, सुशील पाण्डेय, मृत्युन्जय सोनकर, रविशंकर श्रीवास्तव, साबिर, सोएब, जावेद वारसी समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।