Varanasi City Weather Update : साफ आसमान के बीच तापमान ने दी राहत, पारे में उतार चढ़ाव का दौर
मौसम का रुख कुछ बदला तो दोबारा तापमान सामान्य से कम भी हो सकता है। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि आने वाले दिनों में भी पारे में उतार चढ़ाव का दौर बना रहेगा। इसके पीछे मौसमी बदलाव ही एकमात्र वजह है।
वाराणसी, जेएनएन। मौसम का रुख पूरी तरह से अब बदलाव की ओर है, हालांकि तापमान में कुछ कमी बीते दिनों की अपेक्षा दर्ज की गई है। इसकी वजह पश्चिमी विक्षोभ के पीछे चलने वाली ठंडी हवाएं हैं। तापमान जो सामान्य से दो से तीन डिग्री तक अधिक हो चला था वह अब घट तक एक डिग्री तक आ चुका है। मौसम का रुख कुछ बदला तो दोबारा तापमान सामान्य से कम भी हो सकता है। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि आने वाले दिनों में भी पारे में उतार चढ़ाव का दौर बना रहेगा। इसके पीछे मौसमी बदलाव ही एकमात्र वजह है।
सोमवार की सुबह आसमान साफ रहा और सुबह ठंडी हवाएं भी चलीं, दिन चढ़ने के साथ ही तापमान में इजाफा दर्ज किया गया। पारा सामान्य से अधिक होने की वजह से ठंड का असर नहीं दिख रहा और लोगों के शरीर से गर्म कपड़े उतर रहे हैं। घरों में अब रजाई का स्थान कंबल ने ले लिया है, जबकि पंखे भी अब गति पकड़ने लगे हैं। वहीं सोमवार की सुबह सात बजे के करीब पारा 18 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। दिन चढ़ने के साथ ही पारे में भी इजाफा दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों के अनुसार मौसम का यह संक्रमण काल चल रहा है।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा, न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से एक डिग्री अधिक दर्ज किया गया। अधिकतम 75 फीसद और न्यूनतम 48 फीसद दर्ज की गई। पूर्वांचल में आसमान साफ है और बादलों की सक्रियता नहीं है। मौसम विभाग ने हालांकि सप्ताह के आखिर में बादलों की आवाजाही के संकेत दिए हैं। वहीं मार्च माह के दूसरे पखवारे से वातावरण में दोपहर के समय गर्म हवाओं का दौर शुरू हो जाएगा जो अप्रैल के आखिर तक लू में परिवर्तित हो जाएगा।