Varanasi City Weather Update : वातावरण का रुख बदलाव की ओर, गुलाबी ठंड की दस्तक जल्द
मौसम का रुख अब बदला हुआ है आने वाले दिनों में मौसम का रुख और भी बदलेगा। माना जा रहा है कि आने वाले कुछ घंंटों में लोकल हीटिंग का दौर शुरू हुआ तो बादल बूंदाबांदी भी करा सकते हैं।
वाराणसी, जेएनएन। पूर्वांचल में मौसम का रुख अब बदला हुआ है, आने वाले दिनों में मौसम का रुख और भी बदलेगा। माना जा रहा है कि आने वाले कुछ घंंटों में लोकल हीटिंग का दौर शुरू हुआ तो बादल बूंदाबांदी भी करा सकते हैं। जबकि एक दिन पहले कुछ देर तक हुई बारिश ने लोगों को राहत भी दी है। मगर, वातावरण में पर्याप्त नमी की कमी से जोरदार बारिश नहीं हो सकी। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि आने वाले कुछ दिनों में मौसम का रुख दोबारा बदलेगा और बारिश भी होगी। जबकि माह के अंत तक मानसूनी सक्रियता भी मंद हो जाएगी। इसके बाद गुलाबी ठंड का स्थाई ठौर पूर्वांचल में नजर आने लगेगा।
शुक्रवार की सुबह मौसम का रुख बदला रहा और आसमान में बादलों की भी सक्रियता का दौर बना रहा। सुबह ठंडी हवाओं का रुख बना रहा तो दिन चढ़ने पर भी हवाओं का झोंका असर करता रहा। हालांकि, आठ बजे के बाद वातावरण में मामूली गर्मी और उमस का असर शुरू हुआ तो वातावरण में बदलाव भी महसूस हुआ। मौसम का रुख इस सप्ताह काफी हद तक मिला जुला बना रहेगा। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि उमस और गर्मी का यह दौर बस पखवारे भर का है। इसके बाद वातावरण में गुलाबी ठंड का असर शुरू हो जाएगा। इसी के साथ ही वातावरण का रुख भी ठंडी हवाओं का हो जाएगा।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक दर्ज किया गया। आर्द्रता अधिकतम 76 फीसद और न्यूनतम 69 फीसद दर्ज की गई। मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों में पूर्वांचल और आसपास बादलों की सक्रियता बनी हुई है। मौसम का रुख बादलों का होने की वजह वातावरण में घुली नमी भी है। हालांकि, पर्याप्त नमी की कमी से बारिश ढंग से नहीं हो पा रही है। मौसम विभाग ने दो दिनों तक मामूली तौर पर बादलों की सक्रियता बने रहने का अनुमान जाहिर किया है।