घर में दोबारा बंद मिला ताला तो कट जाएगा नाम, बेघर और घुमंतू लोगों की जनगणना के लिए भी नियम तय
बेघर और घुमंतू लोगों की जनगणना 4 जनवरी की रात 6 बजे से 12 बजे तक होगी, जिसके लिए प्रगणकों को पहले ही चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस तस्वीर को प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए AI टूल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
बेघर-घुमंतू लोगों की जनगणना 4 जनवरी रात 6-12 बजे।
जनगणना रिवीजन राउंड 5 से 9 जनवरी तक चलेगा।
प्रगणक न आने पर 1855 पर सूचित करें।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। जनगणना प्रभारी एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. सदानंद गुप्ता ने कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण और भावी विकास योजनाओं की आधारशिला है।
इस कारण इसकी प्रक्रिया को अधिक सुगम, पारदर्शी तथा तकनीक-सक्षम बनाया गया है। हमारा प्रयास है कि इससे कोई भी वंचित न रहने पाए। इसी लिए बेघर और घुमंतू लोगों की जनगणना के लिए चार जनवरी को छह घंटे का समय निर्धारित किया गया है।
डॉ. सदानंद ने बताया कि बेघर और घुमंतू लोगों की जनगणना चार जनवरी को शाम छह बजे से रात 12 बजे तक होगी।
इसके लिए सभी प्रगणकों को निर्देश दिया गया है कि वह जब एक दिसंबर से घर-घर जाएं तो यह अपने क्षेत्र के रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, पाइपों में, रेलवे लाइन के किनारे, घाटों आदि पर जहां घुमंतू और बेघर रहते हैं उन्हें चिन्हित करते चलें। जब छह घंटे का समय मिलेगा तो उनको खोजना नहीं होगा। इस दौरान प्रगणक के साथ पुलिस बल मौजूद रहेगा।
दोबारा बंद मिला ताला तो उसे जनगणना से किया जाएगा अलग
जनगणना का रिवीजन राउंड पांच जनवरी से नौ जनवरी के बीच होगा। प्रगणक दोबारा लोगों के पास पहुंचेगा। इसमें कोई सूचना अपडेट हुई है तो उसे दर्ज करेगा। जिन घरों में पहली बार ताला बंद मिला था उसके लिए भी महत्वपूर्ण है। अगर दोबारा ताला बंद मिला तो उस घर को जनगणना से हटा दिया जाएगा।
चार जनवरी को रात 12 बजे तक पैदा बच्चों की ही गणना
कोई भी बच्चा चार जनवरी 2027 रात 12 बजे तक पैदा हुआ रहेगा उसी को जनगणना में शामिल किया जाएगा। प्रगणक जब पांच जनवरी से नौ जनवरी 2027 के बीच रिवीजन राउंड में दोबारा आपके घर पहुंचेगा तो उसे बताना होगा। इसी प्रकार किसी की मृत्यु अगर चार जनवरी की रात 12 बजे तक हुई है तो उसका नाम हटाया जाएगा।

प्रगणक नहीं आया तो 1855 पर करें सूचित
एडीएम वित्त ने बताया कि किसी के घर अगर प्रगणक जनगणना की निर्धारित अवधि में नहीं पहुंचता है तो वह 1855 नंबर पर सूचित करे। उसकी सूचना जिला प्रशासन को मिलते ही प्रगणक को सूचित किया जाएगा। तत्काल जनगणना कराई जाएगी।
कमिश्नर को दी प्रगति की जानकारी
एडीएम वित्त ने बुधवार को नवागंतुक कमिश्नर के. विजयेंद्र पांडियन को जनपद में चल रही जनगणना 2027 के विषय में जानकारी दी। बताया कि लगभग 9000 प्रगणक और सुपरवाइजर इस कार्य में लगे हैं। आज तीसरे दिन 2500 लोगों ने स्वगणना कर ली है। साथ जहां लोग समूह में इकट्ठा हो रहे हैं वहां प्रगणक पहुंचकर उनको स्वगणना करने में मदद कर रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।