नई व्यवस्था : बीएचयू आइआइटी में अब सिर्फ पांच दिन ही काम
वाराणसी स्थित आइआइटी, बीएचयू की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। यहां सप्ताह में अब सिर्फ पांच ही दिन काम होंगे। रविवार के साथ ही अब शनिवार को भी बंदी रहेगी।
वाराणसी, जेएनएन। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, बीएचयू की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। यहां सप्ताह में अब सिर्फ पांच ही दिन काम होंगे। यानी रविवार के साथ ही अब शनिवार को भी बंदी रहेगी। नई व्यवस्था के तहत विंटर वेकेशन के बाद सभी कक्षाएं सुबह आठ से शाम साढ़े 5.30 बजे तक चलेंगी। वहीं लिपिकीय स्टाफ को अब शाम छह बजे तक काम करना होगा। साथ ही 24 घंटे लैब खोलने की भी सभी विभागों से अपील की गई है।
काशी हिंदू विश्वविद्यालय में भी 'फाइव डे' की व्यवस्था की गई थी, लेकिन कुछ माह में ही बंद हो गई। अब आइआइटी ने नए साल में कर्मचारियों के लिए एक जनवरी से यह व्यवस्था लागू की है। सप्ताह में दो दिन की छुट्टी तो दी गई है, लेकिन सालाना छुट्टियों पर कैंची चला दी गई है। पहल जहां विभिन्न त्योहारों एवं आयोजनों पर 29 अवकाश रहते थे। वहीं अब घट कर मात्र 18 दिन ही रह गया है। इस साल से मकर संक्रांति, गुरुनानक जयंती, रामनवमी, रक्षा बंधन व महालया पर अवकाश नहीं मिलेगा। होली, दशहरा व दीपावली पर जहां तीन-तीन छुट्टी मिलती थी, अब एक-एक दिन ही मिलेगी। यहीं नहीं कर्मचारियों को अब अधिकतम आठ ही सीएल मिल सकता है।
एक साल में यह अवकाश - गणतंत्र दिवस, बसंत पंचमी, महा शिवरात्रि, होली, महावीर जयंती, गुड फ्राइडे, बुद्ध पूर्णिमा, इद-उल-फित्र, स्वतंत्रता दिवस, जन्माष्टमी, मुहर्रम, महात्मा गांधी जयंती, दशहरा, दीपावली, ईद-ए- मिलाद, गुरु नानक जयंती व क्रिसमस डे।
सुबह 8.00 बजे से शाम 5.30 बजे तक- फैकल्टी एवं टेक्निकल स्टाफ के लिए समय (लंच दो बजे 12 से डेढ़ बजे तक)।
सुबह 9.30बजे से शाम 6.00 बजे तक -प्रशासनिक एवं लिपिकीय स्टाफ के लिए समय (लंच डेढ़ से दो बजे तक )।
सुबह 8.00 बजे से रात 11.00 बजे तक - लाइब्रेरी खुलने का समय (अवकाश को छोड़कर सभी दिन)