वाराणसी सहित पूर्वांचल में बादलों का जोर, बारिश और हवाएं घनघोर, पारा हुआ धड़ाम
वाराणसी और पूर्वांचल में पिछले तीन दिनों से मौसम बदला हुआ है, जहां तेज हवाओं और बारिश के कारण तापमान ...और पढ़ें

वाराणसी और पूर्वांचल में मौसम का मिजाज बदला, बारिश और तेज हवाओं से पारा गिरा। (AI Image)
जागरण संवाददाता, वाराणसी। पूर्वांचल सहित वाराणसी का मौसम बदला हुआ है, अनुमानों के अनुरूप ही यलो अलर्ट का असर पूर्वांचल में बीते तीन दिनों से नजर आ रहा है। तेज हवाएं और बारिश का लगातार बना हुआ रुख मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग ने पूर्व में ही चक्रवातीय हालातों का पूर्वांचल में असर बने रहने का अनुमान जताया था।
पूर्वांचल में बुधवार की शाम से मौसम बदला हुआ है और लगातर चक्रवातीय हालातों से शुक्रवार का दिन भी बारिश और तेज हवाओं की भेंट चढ़ गया। सुबह से ही घने बादलों और तेज हवाओं का असर बना रहा। सुबह से ही रह रहकर हो रही बूंदाबांदी और फुहार ने मौसम का मिजाज बदला तो तापमान में भी गिरावट का दौर रहा। वातावरण में तेज हवाओं का असर रहा और दिन चढ़ने के साथ ही मौसम का रुख और तल्ख होता रहा।

मौसम विभाग ने शनिवार तक के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इसके बाद अगले सप्ताह भी मौसमी रुख बादलों की ही ओर रहने का अनुमान है। माना जा रहा है कि मानसून की विदायी के पूर्व बादल पूरी तरह से सक्रिय रहेंगे और बारिश और बादलों का दौर जारी रखेंगे। मौसम विभाग ने भी इस पूरे सप्ताह तक बादलों की आवाजाही का रुख बने रहने का अनुमान जताया है।
बीते चौबीस घंटों में वाराणसी में अधिकतम तापमान 27.0°C डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 6.3 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 23.0°C दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम रहा। इस दौरान बारिश 007.5mm तक दर्ज की गई। जबकि आर्द्रता का स्तर अधिकतम 98% और न्यूनतम 93% दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से जारी अनुमानों के अनुसार आने वाले 48 घंटों में मौसम का यही रुख बना रह सकता है। इस लिहाज से मौसम विभाग ने भी यलो अलर्ट जारी किया है।
