काशी में एयर शो की तैयारियां तेज, बाबतपुर एयरपोर्ट पर खड़े होंगे 20 फाइटर प्लेन; गंगा घाट पर बनेगा ATC टावर
काशी में 22, 23 और 25 अक्टूबर को भारतीय वायुसेना का भव्य एयर शो होगा, जिसमें 20 फाइटर प्लेन वाराणसी एयरपोर्ट पर पार्क किए जाएंगे।

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है
HighLights
वायुसेना का एयर शो 22, 23, 25 अक्टूबर को वाराणसी में।
वाराणसी एयरपोर्ट पर 20 फाइटर प्लेन होंगे पार्क।
गंगा घाट पर स्वतंत्र एटीसी टावर से होगा संचालन।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी का आसमान 22, 23 व 25 अक्टूबर को भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों की गर्जना से गूंजने वाला है। भव्य एयर शो को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस आयोजन के दौरान वायुसेना के 20 फाइटर प्लेन वाराणसी एयरपोर्ट पर पार्क किए जाएंगे। इसके लिए एयरपोर्ट पर नया वे (एप्रन) बन रहा है।
वर्तमान में एयरपोर्ट पर 10 पार्किंग वे मौजूद हैं। साथ ही तेजी से चल रहे निर्माण कार्य के तहत अगले सप्ताह तक 17 नए पार्किंग बे बनकर तैयार हो जाएंगे। इसके बाद कुल पार्किंग वे की संख्या बढ़कर 27 हो जाएगी। इसके अलावा कुछ विमान और हेलीकाप्टर प्रयागराज, गाजीपुर और आजमगढ़ में पार्क होंगे।
एयर शो में 100 से अधिक एयर क्राफ्ट और हेलीकॉप्टर ढाई घंटे के शो में भाग लेंगे। वे अपने-अपने करतब दिखाएंगे। लड़ाकू विमान निर्धारित समय पर विभिन्न स्थानों से उड़ान भरकर गंगा के ऊपर से गुजरेंगे। एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही और रूटीन उड़ानों पर कोई असर न पड़े, इसके लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
रनवे विस्तारीकरण के तहत तैयार किए जा रहे नए पार्किंग वे (एप्रन) का उपयोग इन फाइटर प्लेनों की पार्किंग के लिए किया जाएगा। काशी के घाटों पर मौजूद दर्शक इन युद्धक विमानों के करतबों और उनकी गड़गड़ाहट का रोमांच नजदीक से महसूस कर सकेंगे।
घाट पर स्वतंत्र एटीसी टावर लगाकर होगा संचालन
इस बड़े आयोजन को सुरक्षित और सुचारू रूप से संचालित करने के लिए घाट पर ही एक विशेष एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) टावर तैयार किया जाएगा। वायुसेना के खुद के एटीसी अधिकारी इन उड़ानों की निगरानी करेंगे और इस दौरान एयरपोर्ट के नियमित एटीसी का प्रयोग नहीं किया जाएगा।
अगले सप्ताह होगी अहम बैठक
व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए अगले सप्ताह भारतीय वायुसेना के अधिकारी एयरपोर्ट के अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। इसमें सुरक्षा, ट्रैफिक और शेड्यूल से जुड़े तमाम बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी। प्रशासन और वायुसेना की इस तैयारी से काशीवासियों और पर्यटकों को एक ऐतिहासिक और रोमांचक एयर शो देखने को मिलने की पूरी उम्मीद है।
