विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

 वाराणसी में एयर शो के लिए गंगा किनारे बनेगी डबल लेयर बैरिकेडिंग, 20 लाख की भीड़ को कंट्रोल करने की तैयारी

Published: Thu, 24 Sep 2026 08:56 PM (IST)

काशी में 22, 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो के लिए 20 लाख लोगों की भीड़ को नियंत्रित ...और पढ़ें

एयर शो में 20 लाख की भीड़ को नियंत्रित करने को डबल लेयर बैरिकेडिंग।

एयर शो में 20 लाख की भीड़ को नियंत्रित करने को डबल लेयर बैरिकेडिंग।

HighLights

  1. एयर शो के लिए गंगा किनारे डबल लेयर बैरिकेडिंग होगी।

  2. 20 लाख लोगों की भीड़ नियंत्रण हेतु प्रशासन की विशेष तैयारी।

  3. राजघाट पुल एयर शो के ढाई घंटे तक पैदल बंद रहेगा।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। वायु सेना दिवस दिवस के उपलक्ष्य में काशी में 22, 23 व 25 अक्टूबर को एयर शो प्रस्तावित है। इसमें लगभग 20 लाख लोगों के आने की संभावना है। इतनी बड़ी भीड़ को नियंत्रित करना प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती होगी।

इसे देखते हुए गंगा के दोनों किनारों पर डबल लेयर बैरिकेडिंग की जाएगी ताकि भीड़ के दबाव में भी टूटने न पाए। एक लेयर टूट भी जाय तो दूसरी उसे नियंत्रित कर ले।

भीड़ नियंत्रण को लेकर गुरुवार को कमिश्नरी सभागार में दिल्ली से आए एयर वाइस मार्शल पीवीएस नारायना के नेतृत्व में मध्य क्षेत्र वायु कमान और जिला प्रशासन की बैठक आयोजित की गई। इसमें एक बार फिर भीड़ मैनेजमेंट पर गहन मंथन किया गया।

यह तय किया गया कि गंगा के दोनों किनारे पर डबल लेयर की बैरिकेडिंग होगी। गंगा पार होने वाली बैरिकेडिंग को डबल लेयर करते हुए ब्लाकों में बांटा जाएगा। अलग-अलग ब्लॉक में दो-दो हजार लोगों को रोका जाएगा। यह उसी तरह से होगा जैसे प्रधानमंत्री आदि की सभाओं में लोगों को अलग-अलग ब्लाक में बैठाया जाता है। गंगा पार पार्किंग की व्यवस्था होगी। इसी तरह घाटों की सीढ़ियों पर लोग बैठ कर एयर शो देखेंगे।

भीड़ के दबाव में लोग पानी की तरफ न जाएं इसलिए यहां भी डबल लेयर बैरिकेडिंग होगी। लोगों को एक घाट से दूसरे घाट पर आवागमन से रोक होगी। बैरिकेड कर बंद किया जाएगा। क्योंकि ऐसा न हो एक ही घाट पर अधिक भीड़ हो जाय। हर हाल में भीड़ के प्रवाह, भगदड़ को रोकने की व्यवस्था की जाएगी।

एयर शो के ढाई घंटे के दौरान राजघाट का पुल पैदल तक के लिए पूरी तरह रहेगा बंद। इस दौरान सामने घाट पुल को भी बंद करने पर विचार किया गया। राजघाट पुल पर पूर्व की भगदड़ को लेकर भी चर्चा हुई। बैठक में कमिश्नर एस. राजलिंगम, डीसीपी मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार समेत पीडब्ल्यूडी, नगर निगम आदि के अधिकारी मौजूद रहे।

वीवीआईपी को बस से ले जाने पर विचार

एयर शो में तीसरे दिन 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति प्रस्तावित है। वह नमो घाट से शो देखेंगे। सैकड़ा भर वीवीआइपी भी नमो घाट पर रहेंगे। नमो घाट के समीप बसंता कॉलेज तक मिलाकर मात्र 1000 गाड़ियाें के खड़ी हो सकेंगी। इस कारण विचार किया जा रहा है वीवीआईपी को बसों से नमो घाट ले जाया जाय। साथ ही गंगा की तरफ जाने वाले रास्तों पर रूट पर डायवर्जन, घाट की टूटी सीढ़ियों को व्यवस्थित करने आदि पर विचार हुआ।

राजघाट पुल पर भगदड़ में 24 लोगों की गई थी जान

जयगुरुदेव के अनुयायिओं के अक्टूबर 2016 में हुए समागम यात्रा के दौरान राजघाट पुल पर गुजरते समय भगदड़ मच गई थी। इसमें 24-25 लोगों की मृत्यु हुई थी। 50 से अधिक घायल हुए थे। उस दौरान नीचे से जब ट्रेन गुजरी तो पुल में कंपन हुआ। उस दौरान किसी ने अफवाह फैला दिया कि पुल गिर रहा है। कुछ लोग पुल के ऊपर चढ़ गए तो कुछ गंगा में कूद गए। मामले में तत्कालीन जिलाधिकारी का तबादला और एडीएम सिटी को निलंबित कर दिया गया था।

यह भी पढ़ें- सीवर जाम और व्यवस्था चोक: स्मार्ट सिटी काशी में सड़क का हाल बेहाल, करोड़ों बजट के बाद भी जलभराव की समस्या बरकरार