विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

काशी की हवा हुई जहरीली, AQI पहुंचा 350 के पार; सांस और फेफड़ों के मरीजों की बढ़ी चिंता

Published: Tue, 17 Nov 2026 09:44 PM (IST)

काशी में वायु प्रदूषण लगातार गंभीर होता जा रहा है, जिससे सांस और फेफड़ों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।

वाराणसी में पराली से एक्यूआइ लगातार खतरनाक स्तर पर। फोटो- जागरण

वाराणसी में पराली से एक्यूआइ लगातार खतरनाक स्तर पर। फोटो- जागरण

HighLights

  1. वाराणसी में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंचा, स्वास्थ्य पर असर।

  2. स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में काशी की रैंकिंग लगातार गिर रही है।

  3. वाहनों का धुआं, धूल, कूड़ा जलाना प्रदूषण के मुख्य कारण।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी की हवा साल दर साल जहरीली होती जा रही है। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण की गिरती रैकिंग इसका प्रमाण है। वाहनों के धुआं, शोर, उड़ती धूल, जलता कूड़ा व पराली से एक्यूआइ लगातार खतरनाक स्तर पर बना रहता है। सांस व फेफड़े के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। सोमवार को जहां 297 एक्यूआइ के साथ वाराणसी सर्वाधिक प्रदूषित शहर बना वहीं मंगलवार को नदेसर, भगवानपुर, दुर्गाकुंड, निराला नगर में एक्यूआई 342 से 351 के बीच बना रहा। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2023 में वाराणसी तीसरे स्थान पर, 2024 में 9 वें, वर्ष 2025 में 11वें और 2026 में 34वें स्थान पर पहुंचा।

शहर में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पुराने वाहन स्क्रैप नहीं हो रहे हैं। सड़क पर 10 से 15 साल पुराने डीजल व पेट्रोल वाहन का संचालन जारी है। वाहनों के दबाव की वजह से शहर का आधा से ज्यादा हिस्सा हर दिन जाम की चपेट में रहता है। जाम में फंसते वाहन धुआं उगलते हैं और हवा जहरीली होती जा रही है। चौराहों पर अतिक्रमण भी बरकरार है जिस वजह से जाम विकराल हो जा रहा है। गंगा नदी में भी कई नाव धुआं उगलते हुए चल रहे हैं। चितईपुर के अलावा बाहरी इलाकों में लगी फैक्टि्रयों के धुआं व तेजी से निर्माण कार्य के दौरान उड़ती धूल भी असर डाल रही है।

जागरण विचार

भोजुबीर, कचहरी, अर्दली बाजार, पांडेयपुर, सिगरा, अंधरापुल, भेलूपुर, चेतगंज, मंडुवाडीह, रथयात्रा व महमूरगंज में प्रभावी कार्य योजना न होने से जाम लगता है और धुआं से हवा जहरीली हो रही है। इसके साथ ही कैंट स्टेशन, कचहरी, भोजूबीर चौराहा, अंधरापुल, महमूरगंज, मंडुआडीह जैसे क्षेत्र में यातायात का सबसे ज्यादा दबाव है और यहां मापक यत्र की जरूरत है। अभी मलदहिया, अर्दली बाजार, भेलूपुर और बीएचयू में ही प्रदूषण मापक यंत्र लगा है।

शहर में कूड़ा व गांव में पराली जलना

आबादी बढ़ने की वजह से हर दिन कूड़ा भी ज्यादा निकल रहा है। कई जगह इसे जला दिया जा रहा है। सालिड वेस्ट मैनेजमेंट के जरिए पूरे कूड़े का निस्तारण नहींं हो पा रहा है। उधर अराजी लाइन के लालपुर व सेवापुरी विकास खंड के भीखमपुर में पराली जलाने का मामला सामने आ गया। दोनों वजह वायु प्रदूषण को तेजी से बढ़ा रहा है।

नवंबर में एक्यूआइ

मलदहिया : नौ नवंबर को 311 रहा। 15 नवंबर से 239 से ऊपर बना है।
बीएचयू : 8 व नौ नवंबर को छोड़कर शेष दिन एक्यूआई 181 के नीचे रहा।
भेलूपुर : 15 नवंबर से 237 के ऊपर है।
अर्दली बाजार : 15 नवंबर को रेड जोन में 216 व 16 नवंबर को 225 दर्ज किया गया।
 
नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने कहा कि एक्यूआइ लेवल के लिए चौराहाें पर डिजिटल स्क्रीन डिस्प्ले बोर्ड लगे हैं। इसी रिपोर्ट के आधार पर हर दिन स्प्रिंकलर से पानी का छिड़काव कराते हैं। हर स्तर पर कार्य की जरूरत है। सामूहिक प्रयास से पौधारोपण बढ़ाना जरूरी है।



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।