वाराणसी में स्कैनर से भुगतान मांगने पर पेट्रोल पंप पर बवाल, ग्राहक की पिटाई
वाराणसी के कैथी स्थित पेट्रोल पंप पर ऑनलाइन भुगतान के लिए स्कैनर मांगने पर एक ग्राहक की बेरहमी से पिटाई की गई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मैनेजर, मालिक और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वाराणसी पेट्रोल पंप पर स्कैनर मांगने पर ग्राहक की पिटाई।
HighLights
कैथी पेट्रोल पंप पर स्कैनर मांगने को लेकर विवाद।
पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने ग्राहक को लाठी-डंडों से पीटा।
पुलिस ने मैनेजर, मालिक और अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, (चौबेपुर) वाराणसी। क्षेत्र के कैथी स्थित श्रीरामलाल फिलिंग स्टेशन पर ऑनलाइन भुगतान के लिए स्कैनर मांगने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने ग्राहक को बुलाकर लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। मारपीट में घायल ग्राहक को सीएचसी नरपतपुर से ट्रामा सेंटर बीएचयू रेफर किया गया।
घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। गाजीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के घोघावारामपुर निवासी कन्हैया यादव के अनुसार, शुक्रवार की शाम पेट्रोल भरवाने के बाद नकदी नहीं होने पर उन्होंने ऑनलाइन भुगतान करने के लिए स्कैनर उपलब्ध कराने की मांग की। उनके पास कीपैड मोबाइल होने के कारण वह स्वयं स्कैन कर भुगतान नहीं कर पा रहे थे।
आरोप है कि इसी बात को लेकर पेट्रोल पंप कर्मचारी नाराज हो गए और आसपास के गांवों से सात-आठ लोगों को बुला लिया। इसके बाद सभी ने मिलकर उनकी पिटाई कर दी। हमलावरों ने उनका मोबाइल भी तोड़ दिया और जान से मारने की धमकी दी।
प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मैनेजर राहुल यादव, पंप मालिक, कर्मचारियों समेत सात-आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी कन्हैया यादव के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।