यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 03, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
UP MLC Election 2022 : वाराणसी में भाजपा एमएलसी प्रत्याशी के आरोप पर पार्टी गंभीर, सीएम ने भी लिया फीडबैक
Varanasi MLC Election 2022 डा. सुदामा पटेल की पार्टी कार्यकर्ताओं के द्वारा बृजेश सिंह के दबाव में काम करने पर ...और पढ़ें

वाराणसी, जागरण संवाददाता। स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी चुनाव में भाजपा के प्रत्याशी डा. सुदामा पटेल ने आरोप लगाया कि कुछ कार्यकर्ता उनका सहयोग नहीं कर रहे हैं। वे प्रतिद्वंदी एमएलसी प्रत्याशी अन्नपूर्णा सिंह का सहयोग कर रहे हैं। अन्नपूर्णा एमएलसी बृजेश सिंह की पत्नी हैं। इसे पार्टी ने गंभीरता से लिया है।
एमएलसी चुनाव में कपसेठी हाउस का पिछले ढाई दशक से कब्जा है। कपसेठी हाउस के डा. उदयभान उर्फ चुलबुल सिंह दो बार एमएलसी रहे। इसके बाद बृजेश सिंह की पत्नी अन्नपूर्णा सिंह फिर बृजेश सिंह एमएलसी बने। अब एक बार फिर अन्नपूर्णा मैदान में हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि पार्टी ने नौ एमएलसी पदों पर निर्विरोध जीत हासिल की है। अब हमें प्रयास करना है कि हम सभी 27 सीटें जिन पर चुनाव होना है उसे भी जीतें ताकि विकास की योजनाओं को विधान परिषद में आसानी से पास कराया जा सके।
इस बीच एक समाचार चैनल से बातचीत में सुदामा ने आरोप लगाया कि यूपी में भाजपा की सरकार है। वाराणसी में भाजपा के लिए प्रतिष्ठित स्थान है। पार्टी के कुछ लोग सहयोग करने की बजाय विरोधी प्रत्याशी की मदद कर रहे हैं। उन्हें हराने के लिए कार्य किया जा रहा है। विरोधी प्रत्याशी के परिवार का इस सीट पर वर्षों से कब्जा है। इसे आरोप बाद पार्टी में खलबली मची है। सूत्रों का कहना है कि भाजपा के प्रदेश स्तर के नेताओं की उपस्थिति में दो दिन पूर्व एक बैठक भी हुई थी जिसमें इस विषय पर चर्चा की हुई थी। इसके बाद इस आरोप ने मामले को और भी गरमा दिया है।
विधानसभा चुनाव में सफलता के बाद से ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र (एमएलसी) चुनावों को लेकर गंभीर हो गए हैं। इसी क्रम में जब वह शनिवार को वाराणसी पहुंचे तो इस संबंध में जनप्रतिनिधियों और संगठन से इस संबंध में फीडबैक लिया।योगी ने एमएलसी चुनावों को लेकर अपनी मंशा सार्वजनिक रूप से स्पष्ट भी कर दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हो रहे 36 एमएलसी सीटों के चुनावों में नौ पर भाजपा प्रत्याशी विजय हासिल कर लिए हैं। अब जो 27 सीटें बची हैं उन सभी को जीताना है।
इससे विकास, सुरक्षा, व्यवस्था आदि से संबंधित विधेयकों को पास कराने में आसानी होगी। सूत्र बताते हैं कि जब जनप्रतिनिधि योगी केपास पहुंचे तो उन्होंने अपनी मंशा के अनुरूप एमएलसी चुनावों के संबंध में फीडबैक लिया। संगठन के पदाधिकारियों से पूछा कि वह किस प्रकार से जनसम्पर्क कर रहें हैं। उन्होंने सम्पर्क बढ़ाने और लोगों से समर्थन मांग कर पार्टी प्रत्याशी को विजयी बनाने के लिए लगने का निर्देश दिया।
बोले उम्मीदवार : हम तो लोगों से संपर्क कर उन्हें भाजपा के साथ जोड़कर चुनाव लड़ रहे हैं। हम स्वयं पिछड़े समाज से हैं। बहुतायत से पिछड़े और दलित समाज के लोग प्रधान और बीडीसी हैं। वे हमारा सहयोग करेंगे। इसके बावजूद संपर्क के लिए पार्टी के लोगों का साथ नहीं मिल रहा था। संपर्क के लिए गांव, ब्लाक स्तर पर कार्यकर्ता नहीं मिल रहे। यहीं बात मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी बताऊंगा। -डा. सुदामा पटेल, भाजपा प्रत्याशी, वाराणसी स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र।