विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 10, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

UP Election Result 2022 : वाराणसी में भाजपा की जीत पर बुलडोजर के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्‍न

By Anurag SinghEdited By:
Published: Thu, 10 Mar 2022 05:36 PM (IST)

विधानसभा चुनाव में भाजपा की शानदार जीत पर काशी भी उत्साहित है। जैसे-जैसे दिन ढल रहा है। वैसे-वैसे काशीवासियों का ...और पढ़ें

भारतीय जनता पार्टी के जीत पर बुलडोजर पर चढ़कर जश्‍न मनाते भाजपा कार्यकर्ता।
भारतीय जनता पार्टी के जीत पर बुलडोजर पर चढ़कर जश्‍न मनाते भाजपा कार्यकर्ता।

वाराणसी, जागरण संवाददाता। विधानसभा चुनाव-2022 में भाजपा की शानदार जीत पर बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी भी उत्साहित है। जैसे-जैसे दिन ढल रहा है। वैसे-वैसे काशीवासियों का जोश व उमंग बढ़ता जा रहा है। वाराणसी में ही नहीं पूर्वांचल के अन्‍य जिलों में भी कई स्‍थानों पर भाजपा कार्यकर्ता बुलडोजर पर चढ़कर जश्‍न मना रहे हैं।

वहीं, कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे विधायक अवधेश सिंह जेसीबी पर चढ़े और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। कहा कि जो राम को लाए हैं हम उनको लाएंगे। इसके बाद उन्‍होंने हर-हर महादेव का नारा लगाया। साथ ही पिंडरा विधानसभा के जनता को धन्यवाद। कहा कि साथियों पिंडरा में आपने कमल खिलाया है। हमने पिछले कार्यकाल में विकास की झलकियां दिखाई थीं। अब हम विकास की गाथा लिखेंगे।

चुनाव के दौरान कुछ विरोधियों ने हमारे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को अपशब्द भाषा का प्रयोग किया था। आज इस जीत के बाद उनको जवाब मिल गया है। कार्यकर्ताओं को होली का संदेश देते हुए कहा कि जो लोग विरोधियों के साथ थे उनको भी हसाईयेगा। उनको भी तिलक लगाना। उनसे कहना आओ अब मिलकर पिंडरा के विकास की गाथा लिखें।

चौराहों, गली व मोहल्लों में डीजे पर झूमे युवक

नगर के प्रमुख चौराहों, गली-मोहल्लों में डीजे पर युवक झूम रहे हैं। भाजपा की जीत के खुशी में पटाखे छोड़ने का क्रम अभी से शुरू हो गया है। कुल मिलाकर बाबा की काशी में जश्‍न का माहौल है। लोग आपस में गले मिलकर एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं। मिठाइयां बांटी जा रही हैं। भाजपा कार्यालयों में मानो गुरुवार को ही होली है।

सूबे में भाजपा की वापसी का कार्यकर्ताओं को पूरा भरोसा था। तमाम कार्यकर्ताओं ने डीजे की बुकिंग पहले ही करा रखी थी। बस इंतजार था चुनाव परिणाम का। दोपहर तक स्थिति साफ होते ही तमाम युवक झूमते-नाचते सड़कों पर उतर आए। नदेसर, तेलियाबाग, विद्यापीठ रोड पर डीजे की धुन पर युवक डांस करते देखे गए। ढोल-नगाढ़े के थाप युवक जमकर झूमते नजर थे। उधर गुलाब बाग स्थित भाजपा कार्यालय में जुटे सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अबीर-गुलाल उड़ाकर खुशी का इजहार कर रहे हैं। इसमें बड़ी संख्या महिलाएं भी शामिल हैं।

दिन में हो रही आतिशबाजी

सामान्य तौर पर आतिशबाजी रात में होती है। वहीं जीत से उत्साहित भाजपा कार्यकर्ता गुलाब बाग कार्यालय के सामने दिन में आतिशबाजी करते देखे गए। यही नहीं तमाम लोग पटाखा भी छोड़ रहे थे।

लगे बाबा और बुलडोजर के नारे

गुलाब बाग स्थित भाजपा कार्यालय में सिर्फ योगी-मोदी का नारा गूंज रहा है। बुलडोजर बाबा की जय, माफियाओं व गुंडों पर चलेगा बाबा का बुलडोजर सहित अन्य नारा गूंज रहा है।

सड़कों पर रही सामान्य स्थिति

नगर के प्रमुख चौराहों, मोड़ पर जहां भाजपा की जीत का जश्‍न मन रहा है। वहीं सड़कों पर आम दिनों की यातायात जारी है। आम दिनों के तरह लोगों के आने-जाने का क्रम जारी है।

दुकानों पर सन्‍नाटा

आम दिनों की भांति दुकानों पर गुरुवार को सन्नाटा रहा। दुकानों खुली हुई है लेकिन ग्राहकों की संख्या काफी कम हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।