UP Election 2022 : सपा-बसपा ने ट्रांसफर को बना लिया था उद्योग, जौनपुर में बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह
UP Vidhan Sabha Chunav 2022 जौनपुर में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी की सरकारों ने अधिकारियों के ट्रांसफर को उद्योग बना लिया था। मुझसे भी बेहतर मुख्यमंत्री योगी साबित हुए हैं। जिन्होंने कानून-व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखी।

जौनपुर, जागरण संवाददाता। सपा व बसपा की सरकारों ने अधिकारियों के ट्रांसफर को उद्योग बना लिया था। उनकी सरकार में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद थे अधिकारियों को हिम्मत तक नहीं होती थी कि उनसे बोलें, कार्रवाई तो दूर की बात। ऐसे समाजवादी क्या सच्चे समाजवादी हैं। समाजवादी वह होता है जो भय, भूख व भ्रष्टाचार से जनता को निजात दिलाएं। ऐसा काम किया है तो हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने। उक्त बातें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मल्हनी विधानसभा क्षेत्र के कुद्दुपुर में आयोजित जनसभा में कही। रक्षामंत्री ने कहा कि छह चरणों का चुनाव बीत चुका है। मेरा राजनीतिक अनुभव व विदेशी एजेंसियों ने भी यह मान लिया है कि जनता इस बार नया इतिहास रचने जा रही है।
नया इतिहास यह होगा कि चार दशक से उत्तर प्रदेश में कोई भी ऐसी पार्टी नहीं रही जो दोबारा सरकार बनाई हो। इस बार योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में दोबारा उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने जा रही है, जो नया इतिहास होगा। ऐसे में नए भारत नए दरबार के लिए आप भी अपनी वोट से योगदान दें। इस बार भारतीय जनता पार्टी 2017 में जिस तरह से भारी बहुमत से जीत हासिल की थी उसी तरह से जीत दर्ज करने जा रही है। कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा, बसपा व कांग्रेस समेत अन्य छोटे दल भ्रम फैला रहे हैं कि भाजपा नहीं जीत रही है, लेकिन उनके भी खेमे में जाकर अगर उनके लोगों से पूछा जाए तो बताएंगे कि भाजपा ही जीत रही है, मगर मैं क्या करूं मुझे तो पार्टी का काम करना है।
कहा कि उत्तर प्रदेश का मैं भी मुख्यमंत्री रहा हूं, लेकिन मुझसे भी बेहतर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ साबित हुए हैं। जिन्होंने कानून-व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखी। योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा देश ही नहीं पूरे विश्व में हो रही है। आज गुंडे-माफिया पलायन कर गए हैं। गुंडे बाहर न आए इसके लिए आप लोग योगी को दोबारा मुख्यमंत्री बनाएं, ताकि माफियाओं पर कार्रवाई हो सके। योगी आदित्यनाथ ने गुंडे माफियाओं पर कार्रवाई करते हुए उनके आलीशान भवनों को गिरा कर गरीबों का घर बना रहे हैं। यह बहुत ही अच्छा है। कहा कि भाजपा कभी आपका भरोसा न तोड़ी है न तोड़ेगी। 1951 में जनसंघ के रूप में काम करते हुए हम लोगों ने यह वादा किया था कि सरकार बनते ही धारा 370 हटा देंगे जिसको हमने पूरा किया। भारत का विभाजन धर्म के आधार पर नहीं होना चाहिए। जिस तरह से पहले हुआ था। आज भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने भारत में नागरिकता कानून लाकर एक ऐतिहासिक काम किया है। आगे राजनाथ ने सपा, बसपा व कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि घर में लक्ष्मी कभी हाथी पर बैठकर नहीं, साइकिल से नहीं, वह हाथ हिलाते हुए बाय-बाय करते नहीं आती, बल्कि वह कमल के फूल पर बैठकर आती हैं। ऐसे में आप कमल के फूल को जरूर खिलाएं। कहा कि भाजपा की ही सरकार है कि गरीबों को आवास, सिलेंडर और उपचार के लिए आयुष्मान भारत योजना का कार्ड भी दिया गया है। जिससे गरीब से गरीब भी पूरे देश में कहीं जाकर अपना इलाज करा सकता है। कहा कि अगर प्रदेश में दोबारा हमारी सरकार बनती है तो होली व दीपावली पर गरीबों को मुफ्त सिलेंडर दिया जाएगा। इसके साथ ही राजनाथ कोरोना काल में दी गई सुविधाओं को गिनाते हुए सरकार व प्रधानमंत्री की तारीफ की। साथ ही यह भी कहा कि भ्रष्टाचार मिटाने को लेकर भी भाजपा सरकार ने बेहतर कार्य किया है।
एक प्रधानमंत्री हुआ थे जिन्होंने लाचारी व्यक्त करते हुए कहा था कि हम ऊपर से 100 पैसे भेजते हैं तो जनता तक 15 पैसे ही पहुंच जाते हैं, लेकिन हमारे प्रधानमंत्री ने ऐसा नहीं कहा। वह भ्रष्टाचार मिटाते हुए आज किसानों के खाते में 6000 भेज रहे हैं तो सीधे वो 6000 उनके खातों में पहुंच रहा है। इसके साथ ही राजनाथ सिंह ने हर घर नल योजना को बताते हुए कहा कि सपा व बसपा की सरकारों ने सिर्फ लूट, हत्या, दुष्कर्म व भ्रष्टाचार को बढ़ाया। गरीबों का ध्यान नहीं दिया। कहा कि आज भारत की तारीफ पूरे विश्व में हो रही है। विपक्षियों को आड़े हाथों लेते हुए उपस्थित जनसमूह से आह्वान किया कि भाजपा की सरकार बन रही है। ऐसे में मल्हनी विधानसभा से भी आप कमल खिलाएं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।