Move to Jagran APP

UP Election 2022 : सरकार बनने पर नौजवानों को नौकरी और रोजगार, जौनपुर में बोले मुलायम सिंह यादव

जौनपुर के मल्हनी में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे मुलायम सिंह यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने नौजवानों युवाओं किसानों गरीबों व मजलूमों को लूटने का काम किया है। सपा की सरकार इस बार बनने पर रोजगार पेंशन और म‍हिलाओं की सुरक्षा पर जोर दिया जाएगा।

By Saurabh ChakravartyEdited By: Fri, 04 Mar 2022 02:57 PM (IST)
UP Election 2022 : सरकार बनने पर नौजवानों को नौकरी और रोजगार, जौनपुर में बोले मुलायम सिंह यादव
जौनपुर के मल्हनी में चुनावी जनसभा को संबोधित करते मुलायम सिंह यादव।

जौनपुर, जागरण संवाददता। मल्हनी विधानसभा क्षेत्र के कोल्हलगंज बाजार में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी लकी यादव के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करने पहुंचे शुक्रवार को दोपहर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने कहा कि सरकार बनने पर युवाओं को नौकरी व रोजगार देंगे और किसानों को उपज का सही दाम मिलेगा और खाद-बीच भी सस्ता होगा।

युवाओं की भीड़ देख उत्साहित मुलायम सिंह यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने नौजवानों, युवाओं, किसानों, गरीबों व मजलूमों को लूटने का काम किया है। वर्तमान सरकार ने जनता के साथ शोषण, अत्याचार, भ्रष्टाचार और लूटने का काम किया है। सपा की सरकार बन रही है। किसी को घबराने व परेशान होने की जरूरत नहीं है। भीड़ देख गदगद मुलायम सिंह यादव आड़े आ रहे सुरक्षा कर्मियों को कई बार डांटकर भगा दिया और जनता को हाथ हिलाकर अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि इस जनसैलाब को देखने से लगता है कि भाजपा सरकार में लोग परेशान हैं और सपा की सरकार बनने वाली है। उन्होंने हर बार युवा, किसान और नौजवान को भरोसा दिलाया कि सरकार बन रही है। सभी को नौकरी, रोजगार और किसानों को अनाज का सही दाम मिलेगा। अपने अंतिम वाक्य में भी उन्होंने सरकार बनने महिलाओं को उचित सम्मान, पेंशन,आवास देने की भी बात कही।

मुलायम का जोश और जज्बा अब भी कायम

मुलायम सिंह यादव की उम्र भले ही 82 वर्ष हो गई हो, लेकिन उनका जोश और जज्बा अभी कम नहीं हुआ है। मल्हनी विधानसभा के कोल्हलगंज में चुनावी जनसभा को संबोधित कर उन्होंने युवाओं में जोश भर दिया। उन्होंने पहले वाले मुलायम की कहीं न कहीं से याद ताजा कर दी। शायद ही सपा के किसी बड़े नेता की सभा में इतनी बड़ी भीड़ पहले देखने को मिली हो।अपने करीबी मल्हनी के पूर्व विधायक स्वर्गीय पारसनाथ यादव के पुत्र सपा प्रत्याशी लकी यादव के समर्थन में आयोजित जनसभा में मुलायम सिंह यादव यह दूसरी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। इसके पूर्व करहल में अपने पुत्र अखिलेश यादव के लिए जनसभा को संबोधित किया था। मुलायम को देखने और सुनने हर जाति-धर्म के लोगों का जमावड़ा था। भारी संख्या में जुटे लोगों को देखकर मुलायम सिंह यादव पूरे जोश में आ गए और कई बार मंच पर सामने आने पर एसपीजी के जवानों को हाथ से धकेल दिया। यह जवान उनको भीड़ को देखने में आड़े आ रहे थे।

मुलायम सिंह को करीब से देखने के लिए युवाओं में इस कदर जोश था कि बैरिकेडिंग के लिए लगी बांस-बल्ली तोड़कर मीडिया दीर्घा तक पहुंच गए। जिन्हें पुलिस लाठी दिखाकर हटाने की कोशिश कर रही थी। मुलायम सिंह पुलिस की इस हरकत से नाराज हो गए और सुरक्षा कर्मियों को फटकारने लगे। जिसके बाद युवा का जोश और बढ़ गया।करहल के बाद मुलायम ने मल्हनी में की जनसभाविधानसभा चुनाव 2022 में करहल में अपने बेटे अखिलेश यादव के लिए मुलायम सिंह यादव ने जनसभा की थी। जिसके बाद संघर्ष के दिनों के साथ रहे कैबिनेट मंत्री रहे स्व.पारसनाथ यादव के बेटे लकी यादव के लिए शुक्रवार को जनसभा की। जिसकी काफी चर्चा रही। स्वर्गीय पारसनाथ यादव के लिए 2017 में मुलायम सिंह यादव ने इसी बाजार में जनसभा कर मतदान की अपील की थी। तब भी उन्होंने अपने परिवार के लोगों के अलावा किसी के लिए प्रचार और जनसभाएं नहीं की थी। उस समय भी मुलायम सिंह यादव की पारसनाथ यादव के लिए जनसभा चर्चा का विषय थी। मुलायम सिंह यादव ने भी पारसनाथ यादव के संघर्षों और मदद के बारे में लोगों से बताया था। इसके साथ ही पारस नाथ यादव को ऐतिहासिक जीत दिलाने की बात कही थी। इस बार भी उन्होंने उनके बेटे को भी बिना किसी पार्टी के नेताओं का नाम लिए लोगों से ऐतिहासिक जीत दिलाने की बात कही।