साहित्य प्रेमियों के लिए बड़ी सौगात, अब काशी के लमहीं संग्रहालय में दिखेंगे मुंशी प्रेमचंद के अनकहे किस्से
लमही स्थित मुंशी प्रेमचंद स्मारक संग्रहालय में उनके जीवन के कई नए और अनछुए पहलुओं को प्रदर्शित किया जाएगा।

महान उपन्यासकार मुंशी प्रेमचंद की फाइल तस्वीर। (फोटो सोर्स- जागरण ग्राफिक्स)
HighLights
प्रेमचंद संग्रहालय में दिखेंगे जीवन के अनछुए पहलू।
हालिया शोध से मिले नए तथ्य होंगे प्रदर्शित।
पर्यटन मंत्री ने लखनऊ में की समीक्षा बैठक।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। कथा सम्राट मुंशी प्रेमचंद की जन्मस्थली लमहीं स्थित मुंशी प्रेमचंद स्मारक संग्रहालय एवं पुस्तकालय से पर्यटकों व साहित्य प्रेमियों को उनके जीवन से जुड़े कई नए और अनछुए पहलुओं से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
हालिया शोध में प्रेमचंद के जीवन से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए हैं, जिन्हें प्रामाणिक और उच्च गुणवत्ता के साथ संग्रहालय में प्रदर्शित करने की तैयारी की जा रही है। बुधवार को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता और अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात की मौजूदगी में लखनऊ में हुई बैठक में इस पर विस्तार से मंथन किया गया।
पर्यटकों को स्थलों का प्रामाणिक इतिहास बताने के लिए सभी परियोजनाओं के शिला लेखों पर क्यूआर कोड लगाने के निर्देश पर्यटन मंत्री ने निर्देश दिया। बताया कि राज्य योजना के तहत प्राप्त 418 परियोजनाओं में से 367 के परीक्षण पूरे कर लिए गए हैं और ग्रामीण पर्यटन की 17 परियोजनाओं पर काम जारी है।
संयुक्त पर्यटन सर्किट से लेकर प्रदेश की विकास परियोजनाओं तक, विभाग पर्यटन को अधिक व्यवस्थित स्वरूप देने के लिए सभी कार्यों को तय समय सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरा कर रहा है। वाराणसी के साथ ही पूर्वांचल में भी सांस्कृतिक ढांचे को मजबूती दी जा रही है।
बैठक में मिर्जापुर में सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्थापना का कार्य दिसंबर के मध्य तक पूरा करने के निर्देश दिए गए। वहीं, भदोही की राही संपत्ति और झील महल रेस्टोरेंट के बेहतर संचालन के लिए यूपीएसटीडीसी को प्रबंधन अनुबंध की प्रक्रिया तेज करने को कहा गया है।