लिपस्टिक कसेगा मनचलों पर लगाम, अनोखी डिवाइस महिलाओं की सुरक्षा में होगी कारगर
शहर में एक युवक ने ऐसी डिवाइस ईजाद की है जिससे किसी भी आपात स्थिति में मदद आसानी से मिल सकती है।
वाराणसी, जेएनएन। शहर में एक युवक ने ऐसी डिवाइस ईजाद की है जिससे किसी भी आपात स्थिति में मदद आसानी से मिल सकती है। वाराणसी के श्याम चौरसिया ने एक अनोखी लिपस्टिक बनायी है जिससे फायरिंग की आवाज तो निकलती ही है उसके साथ ही पुलिस और परिजनों के मोबाइल पर अलर्ट भी चला जाता है। यह अनोखा डिवाइस इन दिनों काफी चर्चा बटोर रहा है। श्याम ने बताया कि इस लिपिस्टिक को 'एंटी टीजिंग लिपस्टिक गन' का नाम दिया गया है। यह लिपस्टिक गन देखने में बिल्कुल लिपस्टिक सरीखी है।
यह अनोखी लिपस्टिक मनचलों को ढंग से सबक सिखा सकती है। दरअसल इसमें मौजूद ट्रिगर दबाने से फायरिंग की आवाज होती, इसकी आवाज इतनी तेज होती है कि एक किलोमीटर दूर तक इसकी आवाज सुनी जा सकती है। दरअसल फायरिंग से घटनास्थल तक हर किसी का ध्यान उस ओर हो जाता है और लोग मुसीबत में फंसी महिला या युवती तक लोग आसानी से पहुंच सकते हैं। वहीं इस अनोखे गन का प्रयोग करते ही घटनास्थल की लाइव लोकेशन 112 नंबर पुलिस के साथ ही परिवार के रजिस्टर्ड सदस्य को भी हो जाती है। इसके साथ ही इमरजेंसी में नंबर भी ऑटोमेटिक काल होने लगती है।
किसी संभावित वारदात के लिए लाइव लोकेशन की मदद से पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर मुसीबत में फंसी महिला को बचाने में मददगार साबित हो सकती है। हालांकि मदद पहुंचने से पूर्व यूजर इस गन से होने वाले धमाके से खुद का बचाव आसाने से कर सकती है। श्याम के अनुसार इसे बनाने में लगभग माह भर का समय लगा है। देश में बढ़ती महिलाओं संग छेड़खानी व दुष्कर्म जैसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रयोग के तौर पर इसे तैयार किया। इस पूरी लिपस्टिक गन डिवाइस को तैयार करने में 650 रूपये का मामूली सा खर्च आया है। इसका वजन करीब 70 ग्राम तक है। घंटेभर तक इसे चार्ज करने पर लगभग सप्ताहभर तक काम करता है। लिपस्टिक गन में एक बटन ट्रिगर बनी हुई है जिसे दबाते ही फायरिंग संग पुलिस और परिजनों को घटनास्थल का पता चल जाता है।